'अब सब ऊपर वाले के हाथ में है, दुआ करें', हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को लेकर क्यों कही ऐसी बात? क्या हुई गड़बड़?
Dharmendra Health Update: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र बुधवार सुबह मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौट आए हैं। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें अब घर पर ही इलाज और आराम की सलाह दी है। उनके स्वस्थ होने की खबर से फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के लोग राहत की सांस ले रहे हैं।
हेमा मालिनी ने दिया धर्मेंद्र का हेल्थ अपडेट
धर्मेंद्र के अस्पताल से घर लौटने के बाद उनकी दूसरी पत्नी एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद हेमा मालिनी ने फिल्म जर्नलिस्ट सुभाष के झा से बातचीत में अपने दिल की बात कही। हेमा मालिनी ने पति की तबीयत खराब होने को लेकर अपना दर्द बयां किया है।

हेमा मालिनी ने बयां किया अपना दर्द
हेमा मालिनी ने कहा- ये मेरे लिए आसान वक्त नहीं रहा है। धर्मजी की हेल्थ हमारे लिए बहुत चिंता का विषय है। उनके बच्चों की नींद उड़ी हुई है। मैं बहुत सारी जिम्मेदारियों के साथ कमजोर नहीं पड़ सकती लेकिन मुझे खुशी है कि वह घर वापस आ गए हैं।
'अब सब ऊपर वाले के हाथ में है'
हेमा मालिनी ने आगे कहा- हमें राहत है कि धर्मजी अस्पताल से बाहर आ गए हैं। उन्हें अपनों के बीच रहने की जरूरत है। वह परिवार से प्यार करते हैं और सबके साथ रहना पंसद करते हैं। बाकी तो सब ऊपर वाले के हाथ में है। प्लीज हमारे लिए प्रार्थना करें। हेमा मालिनी का बयान ये दर्शाता है कि धर्मेंद्र की तबीयत में सुधार जरूर हुआ है लेकिन परिवार अब भी पूरी सावधानी बरत रहा है।
धर्मेंद्र की हेल्थ को लेकर परेशान हैं दोस्त प्रेम चोपड़ा
-धर्मेंद्र के करीबी दोस्त और दिग्गज एक्टर प्रेम चोपड़ा भी हाल ही में अस्पताल में भर्ती थे। हालांकि अब उनकी तबीयत स्थिर है और उन्हें जल्द ही छुट्टी मिलने की उम्मीद है। वहीं प्रेम चोपड़ा के दामाद विकास भल्ला ने बताया- ये सब बेवजह की अटकलें हैं। प्रेम जी बिल्कुल ठीक हैं, बस रेग्यूलर टेस्ट के लिए भर्ती कराया गया था।
-दामाद विकास भल्ला ने आगे कहा- सभी रिपोर्ट्स नॉर्मल आई हैं और वह जल्द घर लौटेंगे। जब मैं उनसे मिलने अस्पताल गया तो वह बिल्कुल स्वस्थ थे लेकिन धर्मेंद्र जी की सेहत को लेकर काफी चिंतित दिखाई दे रहे थे। दोनों दिग्गजों की दोस्ती और एक-दूसरे के प्रति चिंता एक बार फिर बॉलीवुड के सुनहरे दौर की झलक दिखाती है।
आप नेता राघव चड्ढा ने मांगी धर्मेंद्र के लिए दुआ
इसी बीच आप नेता राघव चड्ढा ने भी धर्मेंद्र के जल्द ठीक होने की कामना की है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा- मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि धर्मेंद्र जी को अच्छा स्वास्थ्य और लंबी उम्र मिले। वह इस देश के बेहद लोकप्रिय अभिनेता हैं। हम सभी उनकी फिल्मों को देखते हुए बड़े हुए हैं और पूरा देश उन्हें प्यार करता है।
धर्मेंद्र के लिए फैंस कर रहे हैं प्रार्थना
धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर पिछले कुछ दिनों में सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अफवाहें फैल गई थीं लेकिन अब ये साफ है कि उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहा है। फिलहाल वह अपने परिवार के साथ घर पर हैं और डॉक्टरों की देखरेख में हैं। फैंस लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications