'बप्पी दा का सोना चुराने का मन है...', बिपाशा की इस बात पर जब बप्पी लहरी ने दिया धांसू जवाब
नई दिल्ली, 16 फरवरी: नया साल फिल्म इंडस्ट्री के लिए काफी बुरा जा रहा है। अभी कुछ दिनों पहले म्यूजिक इंडस्ट्री को बड़ा झटका लगा था, जहां सुर कोकिला लता मंगेशकर का 6 फरवरी को निधन हो गया। उस गम से लोग उबरे भी नहीं थे कि बुधवार को सिंगर और कंपोजर बप्पी लहरी ने दुनिया को अलविदा कह दिया। वो काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। बप्पी दा गाने के साथ अपने सोने (गोल्ड) के लिए भी खूब जाने जाते थे। जब भी उनका कोई करीबी एक्टर इंटरव्यू देता, तो वो बप्पी दा के गोल्ड की चर्चा जरूर करता।

बिपाशा को दिया था प्यारा सा जवाब
कई सालों पहले बप्पी दा इंडिया टुडे के एक इंटरव्यू में हिस्सा लेने पहुंचे थे। उस दौरान एंकर ने मजाक ही मजाक में बिपाशा बसु से उनको सावधान रहने की सलाह दी। साथ ही बताया कि बिपाशा की नजर उनके सोने पर है और वो उसे चोरी करना चाहती हैं। इस मजाकिया सवाल का जवाब भी बप्पी दा ने खास अंदाज में दिया। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है, वो बहुत प्यारी है। अगर वो मुझसे मांगती है तो मैं उसे दे दूंगा। इस वजह से उसे चोरी नहीं करनी पड़ेगी। उन्होंने आगे कहा कि मैं उसे पसंद करता हूं, वो बहुत अच्छी दिखने वाली बंगाली महिला है।

बिपाशा ने कही थी ये बात
वहीं दूसरी ओर बॉम्बे टाइम्स को दिए इंटरव्यू में बिपाशा ने बप्पी दा को कमाल का इंसान कहा था। उन्होंने कहा कि जब भी मैं बप्पी लहरी को देखती हूं, उनके गोल्ड को लूटने का मन करता है। वो कितना सारा सोना पहनते हैं। ये कुछ ऐसा है जो मुझे काफी ज्यादा पसंद है।

क्यों पहनते थे इतना सोना?
बहुत से लोग कहते हैं कि बप्पी दा दुनिया को दिखाने के लिए इतना सारा सोना पहनते थे, लेकिन ये बात गलत है। दरअसल वो अमेरिकन पॉप स्टार एल्विस प्रेसली के बहुत बड़े फैन थे। उनका गेटअप भी उन्हीं से प्रभावित था। एल्विस भी बहुत सारे गहने पहनते थे, जिस वजह से बप्पी दा ने भी सोना पहनना शुरू कर दिया। इस वजह से लोग उन्हें गोल्डन मैन या सोने की दुकान भी कहते थे।












Click it and Unblock the Notifications