'हफ्ते भर दिल्ली के पार्क में किया गुजारा', Bigg Boss फेम उर्फी जावेद ने बताया कैसे भागीं घर से
'हफ्ते भर दिल्ली के पार्क में किया गुजारा', Bigg Boss फेम उर्फी जावेद ने बताया कैसे भागीं घर से
मुंबई, 22 अगस्त: बिगबॉस ओटीटी फेम कंटेस्टेंट एक्ट्रेस और मॉडल उर्फी जावेद इन दिनों काफी चर्चा में हैं। उर्फी जावेद बिगबॉस ओटीटी के चल रहे सीजन से बेदखल होने वाली पहली कंटेस्टेंट हैं। उर्फी जावेद ने शो के कंटेस्टेंट और अपने अभिनेता दोस्त जीशान खान पर धोखा देने का आरोप लगाया है और कहा है कि जीशान की वजह से ही वह घर से बेघर हुई हैं। बिगबॉस ओटीटी से बाहर होने के बाद उर्फी जावेद ने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर कई खुलासे किए हैं। उर्फी जावेद ने बताया है कि कैसे उनके रिश्तेदार उन्हें पोर्न स्टार कहते थे। उर्फी जावेद ने यह भी खुलासा किया है कि उनके पिता उनको शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। उर्फी ने यह भी बताया कि वह किस तरह अपने घर से भागी थी।

'रिश्तेदार कहने लगे थे पोर्न स्टार'
टीवी एक्ट्रेस उर्फी जावेद ने 'बिग बॉस ओटीटी' के घर से निकलने के बाद अपनी निजी जिंदगी के बारे में कुछ चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उर्फी जावेद ने बताया कि जब वह स्कूल में थीं, तब उन्हें कैसे मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। उर्फी जावेद ने कहा कि जब उनकी एक तस्वीर एडल्ट साइट पर अपलोड की गई तो उनके परिवार वालों का उनको कोई सपोर्ट नहीं मिला था। उर्फी जावेद ने कहा कि एडल्ट वेबसाइट पर फोटो जाने के बाद से रिश्तेदार उन्हें 'पोर्न स्टार' कहने लगे थे।

'परिवार ने कभी नहीं किया सपोर्ट'
एक इंटरव्यू में उर्फी जावेद ने कहा, ''मैं कॉलेज में भी नहीं थी, मैं ग्यारहवीं में ही थी। मेरे लिए वह बहुत मुश्किलभरा वक्त था क्योंकि मेरे पास मेरे परिवार का समर्थन नहीं था। मेरे परिवार वालों ने कभी मेरा सपोर्ट नहीं किया। ऊपर से मेरे परिवार ने मुझ पर आरोप लगाया, मुझे शिकार बनाया गया। मेरे रिश्तेदार मुझे पोर्न स्टार कहने लगे थे। वे चाहते थे कि मैं करोड़ों मिलने की उम्मीद में अपने बैंक अकाउंट की जांच करने दूं।''

'मेरे पिता ने शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया'
उर्फी जावेद ने खुलासा किया, ''मेरे पिता ने शारीरिक और मानसिक रूप से मुझे प्रताड़ित किया। ये सब मेरे उपर यातनाएं 2 सालों तक चली। मुझे अपना नाम तक याद नहीं आ रहा था। लोगों ने मेरे बारे में बहुत गंदी-गंदी बातें कही। मैं जिस दौर से गुजरी हूं, उससे किसी लड़की को नहीं गुजरना चाहिए।''

'घर छोड़ने के बाद बड़ी मुश्किल से ये सब मिला है...'
उर्फी जावेद ने खुलासा किया कि उसे हमेशा कहा जाता था कि लड़कियों को जीवन में कोई भी फैसला लेने की अनुमति नहीं है। उर्फी ने कहा, 'जब मेरे पिता ने मुझे दोषी ठहराया तब भी मुझे कुछ भी कहने की इजाजत नहीं दी घई थी। मैं सिर्फ और सिर्फ यातना झेल सकती थी। मुझे हमेशा कहा जाता था कि लड़कियों की आवाज नहीं होती है, केवल पुरुषों को ही फैसला लेने का अधिकार है। मुझे ये भी नहीं पता था कि मेरे पास अपनी खुद की आवाज है, मैं भी अपनी जिंदगी के फैसले खुद कर सकती हूं। लेकिन किसी भी तरह जब मैंने अपना घर छोड़ा, तो मुझे ये सब पाने में या यूं कर ले जीवित रहने में बहुत समय लग गया है। अब मेरी शख्सियत सामने आ रही है और मैं रुकने वाला नहीं हूं।'

'1 हफ्ते तक दिल्ली के पार्क में किया गुजारा'
उर्फी जावेद ने बताया कि अपनी दो बहनों के साथ वह घर से भाग गई थीं। घर से भागकर दिल्ली आने के बाद उन्होंने एक हफ्ते पार्क में गुजारा था। वैसे यह पहली बार नहीं है जब एक्ट्रेस ने अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर खुलकर बात की हो। अपने पिछले कई इंटरव्यू में उर्फी जावेद ने बताया है कि कैसे उन्होंने परिवार के बिना किसी सपोर्ट के खुद ही अकेले अपनी पहचान बनाई है।












Click it and Unblock the Notifications