Bhoomika Chawala Viral Video: सरेआम फूट-फूट कर रोने लगी सलमान खान की हीरोइन, पब्लिक में ऐसा क्या हुआ?
Bhoomika Chawala Viral Video: सलमान खान की सुपरहिट फिल्म 'तेरे नाम' से मशहूर हुईं अभिनेत्री भूमिका चावला का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में भूमिका एक लाइव इवेंट के दौरान अचानक भावुक होकर रोती नजर आ रही हैं। वीडियो सामने आते ही फैंस परेशान हो गए और यह जानने की कोशिश करने लगे कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जिससे अभिनेत्री की आंखों से आंसू निकल आए।

दरअसल, भूमिका चावला अपनी हाल ही में रिलीज हुई तेलुगू फिल्म 'यूफोरिया' के प्रमोशन के लिए एक खास कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। मंच पर जब वह फिल्म और अपने किरदार के बारे में बात कर रही थीं, तभी भावनाएं उन पर हावी हो गईं और वह खुद को संभाल नहीं पाईं। फिल्म की कहानी ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया था, जिसका असर उस वक्त साफ नजर आया।
'यूफोरिया' एक बेहद संवेदनशील विषय पर बनी फिल्म है। इसकी कहानी हैदराबाद की एक सच्ची घटना से प्रेरित है और इसमें बच्चों में नशे की लत और यौन शोषण जैसे गंभीर मुद्दों को दिखाया गया है। इस फिल्म में बाल कलाकार सारा अर्जुन भी अहम भूमिका में हैं, जबकि निर्देशन गुनाशेखर ने किया है। फिल्म का विषय इतना दर्दनाक है कि इसे सुनते और सोचते ही भूमिका भावुक हो गईं।
प्रमोशनल इवेंट के दौरान भूमिका ने बताया कि इस फिल्म की कहानी इतनी गहरी और असरदार थी कि शूटिंग के दिनों में वह कई रातों तक ठीक से सो नहीं पाईं। उन्होंने कहा कि उनका किरदार इतना चुनौतीपूर्ण था कि कई बार वह नींद से अचानक जाग जाती थीं। अपनी बात कहते-कहते वह रोने लगीं, जिसके बाद निर्देशक ने उन्हें संभाला और हिम्मत बंधाई। कुछ देर बाद भूमिका ने खुद को संभाला, आंसू पोंछे और अपनी बात पूरी की। उनका यह भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया, जिसे देखकर फैंस ने उनके प्रति सहानुभूति जताई और उनके जज्बे की सराहना की।
काम की बात करें तो भूमिका चावला इन दिनों साउथ सिनेमा में काफी एक्टिव हैं। उनकी आखिरी हिंदी फिल्म 2023 में आई 'किसी का भाई किसी की जान' थी, जिसमें वह सलमान खान और वेंकटेश के साथ नजर आई थीं। वहीं, उनकी और सलमान की यादगार फिल्म 'तेरे नाम' एक बार फिर सिनेमाघरों में वापसी करने जा रही है, जिसे 27 फरवरी को दोबारा रिलीज किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications