Casting couch: 'यहां तो बिना सोए काम ही नहीं मिलता है', भोजपुरी सुपर स्टार का बड़ा खुलासा, Exclusive
Bhojpuri Star Yash Kumarr on Casting couch (वनइंडिया Exclusive): हेमा कमेटी की रिपोर्ट सामने आने के बाद इन दिनों मलयालम इंडस्ट्री में भूचाल आया हुआ है। रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि यहां पर महिला कलाकारों को काम देने के बहाने उनका यौन शोषण किया जाता है।
इस रिपोर्ट के बाद कई बड़े कलाकार सवालों के घेरे में है तो वहीं दूसरी ओर अन्य क्षेत्रों जैसे टीवी, संगीत और बॉलीवुड की ओर से भी इस तरह की आवाजें उठ रही हैं।

कई कलाकारों ने तो सोशल मीडिया पर अपना दर्द भी बयां किया है और वहीं कुछ लोगों का यह भी कहना है कि ये हर तरह की इंडस्ट्री में हो रहा है और नए कलाकारों को इस तरह की बातों का सामना करना पड़ता है।
भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में भी होता है कलाकारों का यौन शोषण?
तो क्या भोजपुरी इंडस्ट्री भी इससे अछूती नहीं है, क्या वहां भी अभिनेत्रियों को इस तरह की बातों से दो-चार होना पड़ता है? इस बारे खुलकर बयान दिया है भोजपुरी सुपरस्टार और निर्माता यश कुमार ने, जिन्होंने वनइंडिया से एक्सक्लूसिव बातचीत में इंडस्ट्री और अपने से जुड़े कई राज भी खोले हैं।
अच्छे और बुरे लोग हर जगह है: यश कुमार
उन्होंने कहा कि 'ये केवल एक इंडस्ट्री की बात नहीं है, अच्छे और बुरे लोग हर जगह है। लड़कियों के शोषण की बात करें तो ये वाकई में एक गंभीर मुद्दा है, जिस पर हर किसी को विचार करना चाहिए। निर्माता, निर्देशक या अभिनेता, जो लोग भी ये कर रहे हैं ये बेहद ही शर्मनाक है।'
'कास्टिंग काउच के लिए लड़कियां भी जिम्मेदार हैं'
'लेकिन कहीं ना कहीं इस बात के लिए लड़कियां भी जिम्मेदार हैं। मैं किसी को पर्सनली टारगेट नहीं कर रहा हूं लेकिन जिन्हें शार्ट टर्म में कामयाबी पानी है, जिन्हें आते-आते स्टार बन जाना है, वो इस तरह की बातों से समझौता कर लेती हैं। इंडस्ट्री में हर तरह के लोग होते हैं। अभिनेता या अभिनेत्री बनने के लिए एक लंबा संघर्ष करना पड़ता है, आपके अंदर टैलेंट होना चाहिए।'
'शार्ट टर्म में ग्लैमर पाने के लिए लड़कियां मान लेती हैं हर बात'
'जिसके अंदर टैलेंट है, जो संघर्ष से काम पाना चाहता है, वो लड़कियां बेचारी पिस जाती हैं और कुछ लड़कियां जो शार्ट टर्म में ग्लैमर पाना चाहती हैं, वो लड़कियां अनचाही शर्तों को मानकर आगे आ जाती हैं। देखिए ये बहुत गंभीर मुद्दा है, जिस पर संभलकर बोलना होगा, सच तो ये है कि कम समय में कामयाबी पाने वाली लड़कियों की वजह से अच्छी लड़कियां मात खा जाती हैं।'
मैं खुद मानसिक शोषण का शिकार हूं, एक्टर यश कुमार का बड़ा खुलासा
'वैसे शिकार तो लड़कियां ही नहीं बल्कि लड़के भी हैं, यहां तक कि मैं खुद शिकार हूं, देखिए शोषण दो तरह का है, लड़कियां शारीरिक शोषण की तो लड़के मानसिक शोषण के शिकार हो रहे हैं।'
काम के बहाने डिमांड की जाती है, कलाकारों का दर्द
अभी हाल ही में कुछ भोजपुरी कलाकारों ने भी सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां किया था कि 'उनसे काम के बहाने डिमांड की जाती है, अब ये किस तरह की डिमांड है?'
हमें पहले टैलेंट को मौका देना चाहिए: अभिनेता यश
तो इस सवाल के जवाब पर एक्टर-प्रोड्यूसर ने कहा कि 'मैं सबसे पहले, उन लड़कों से बोलना चाहता हूं जो अपने आप को स्टार कहते हैं, वो पहले तो ये कहना छोड़ दें। दूसरी बात हमें पहले टैलेंट को मौका देना चाहिए ये सोचे बगैर की इसका हमें शारीरिक फायदा उठाना है। दो लोगों के बीच में संबंध बनना कोई आम बात नहीं है, ये सिर्फ मीडिया में नहीं बल्कि हर जगह है, जो लड़की नीचे काम कर रही है वो ऊपर पहुंचने के लिए ऐसा करेगी, जो मेहनत कर रही है वो पीछे रह जाती है, तो इस तरह की बातें होना आम बात है।'
'अरे यहां तो बिना सोए काम ही नहीं मिलता है इसलिए Its Ok'
'देखिए कोई भी लड़की नहीं चाहती है कि वो किसी का बिस्तर गर्म करें लेकिन जब लड़कियां अपना घर और गांव छोड़कर मुंबई आती हैं तो एक सपना लेकर आती हैं लेकिन जब यहां आकर उन्हें पता चलता है कि अरे यहां तो बिना सोए काम ही नहीं मिलता है तो जो इज्जतदार लड़की होगी वो या तो वापस लौट जाएगी या फिर छोटे-छोटे रोल करने लग जाएगी, जिसमें डिमांड्स नहीं होगी लेकिन बतौर अभिनेत्री अगर वो काम करने इच्छा रखती है तो एक वक्त पर वो घुटने टेक देती है, वो सोचती है कि अरे यहां तो ये तो आम बात है इसलिए चलो करते हैं, कुछ लड़कियां जो शर्तों पर रेडी नहीं होती हैं, वो वापस चली जाती हैं।'
'किसी भी लड़की का जबरदस्ती वाला शोषण ना करें'
'इसलिए मैं ये कहना चाहता हूं कि रास्ते बंद ना करें और किसी भी लड़की का जबरदस्ती शोषण ना करें, हां अगर लड़की आपको पसंद करती है और वो आपके साथ सहज है तो आप जाइए उसके साथ इंज्वाय कीजिए लेकिन अगर आप लड़की के मन के खिलाफ कुछ करते हैं तो आपको उसकी भरपाई तो करनी ही पड़ेगी।'
तो क्या जो अभिनेत्री कम वक्त में हिट हो जाती है, वो भी सवालों के घेरे में है?
तो इस पर एक्टर यश ने कहा कि 'देखिए मैंने किसी के बेडरूम में तो जाकर नहीं देखा है कि उस लड़की ने उसका बिस्तर गर्म किया है या नहीं लेकिन इतना जरूर है कि आजकल बहुत सारी लड़कियां जब काम के लिए इंडस्ट्री में आती हैं तो ये सोच कर आती हैं कि मैं फलां को टारगेट करूंगी क्योंकि ऐसा करने से मुझे एलबम के गाने मिल जाएंगे, मैं स्टार बन जाऊंगी। वो समझौते के लिए सोच कर आई हैं, वो सोचती हैं कि अरे हम ब्वॉयफ्रेंड के साथ कर रहे हैं, उससे तो कुछ मिल नहीं रहा, इसके साथ करेंगे तो कम से कम काम का तो फायदा होगा। लेकिन यहां मैं बता दूं कि इस तरह की कामयाबी लंबे वक्त तक नहीं रहती है, ये बस चार दिनों की चांदनी है। '
'बिना सहमति के जो भी किया जाता है वो सिर्फ रेप होता है'
'अगर लड़की खूबसूरत है, उसे डांस आता है, एक्टिंग आती है, आपके किरदार में फिट है तो उसे काम दो, शर्त रखकर काम ना दो क्योंकि ऐसा करने वाली लड़कियां कहीं ना कहीं गिल्ट में जी रही होंगी। अगर टैलेंट पर उसे काम मिलेगा तो हो सकता है कि कल वो खुद आपके साथ समय बिताना चाहे, जो भी करें उसमें दोनों की मर्जी शामिल होनी जरूरी है क्योंकि बिना सहमति के जो भी किया जाता है वो सिर्फ रेप होता है।'
यहां देखें पूरा इंटरव्यू












Click it and Unblock the Notifications