Baaghi 4 Review: टाइगर श्रॉफ की फिल्म पर पैसे खर्च करना चाहिए या नहीं? रिव्यू में सब पता चल जाएगा
Baaghi 4 Movie Review In Hindi: कहानी Ronnie (Tiger Shroff) की है, जो एक भीषण हादसे से बच निकलता है। हादसे के बाद उसकी ज़िंदगी पूरी तरह बदल जाती है। रॉनी अपनी प्रेमिका अलीशा को खोने के गम में टूट चुका है। अब धीरे-धीरे हकीकत और भ्रम के बीच फंसने लगता है। यहीं से साइकलॉजिकल खेल शुरू होता है। जिसमें ये पता चलता है कि रॉनी पागल हो चुका है? रॉनी सबसे कोई गेम खेल रहा है? फिल्म की कहानी भी इसी के इर्द-गिर्द घूमती है। हालांकि कहानी और भी अच्छी हो सकती थी। जिस हिसाब से एक्शन है, अगर फिल्म की कहानी थोड़ी और कसी होती तो ज्यादा मजा आता। बागी फ्रैंचाइज की कहानी ही उसकी सबसे बड़ी कमजोरी रही है।

टाइगर श्रॉफ का अंदाज़ इस बार चौंकाने वाला है। एक्शन तो उनकी पहचान है, लेकिन बागी 4 में उनका इमोशनल साइड भी उभरकर सामने आता है। कई सीन में उनका दर्द साफ महसूस होता है। वहीं, संजय दत्त इस फिल्म का सबसे बड़ा सरप्राइज पैकेज हैं। उनका खलनायक अवतार क्रूर, इंटेंस और यादगार है। स्क्रीन पर जब-जब टाइगर और संजय आमने-सामने आते हैं। फिल्म नई जान पकड़ लेती है। एक्टिंग में टाइगर श्रॉफ, सोनम बाजवा, संजय दत्त और हरनाज संधू के अलावा श्रेयस तलपड़े, उपेंद्र लिमये, सौरभ सचदेवा, शीबा आकाशदीप साबिर और महेश ठाकुर का भी काम बढ़िया है। फल्म में अच्छे एक्टर्स की भरमार है। इसके बावजूद मेकर्स ने ज्यादा मौका उन्हें काम करने का नहीं दिया है।
फिल्म का डायरेक्शन ए हर्षा ने किया है। ये उनकी डेब्यू फिल्म है। इसके पहले उन्होंने तेलुगु और कन्नड़ भाषा की फिल्में बनाई हैं। फिल्म में एक्शन देख उनका साउथ कनेक्शन साफ झलकता है। लेकिन जितनी मारकाट उन्होंने दिखाई है, वो हद से ज्यादा है। कई बार उसका सीन में कोई रेलवेंस नहीं बैठता है। ऐसा लगता है कि उनका उद्देश्य था कि फिल्म जितनी वायलेंट होगी, उतना ही उन्हें मजा आएगा। कई सीन एनिमल और अन्य फिल्मों की कॉपी भी लगते हैं। फिल्म की कहानी प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला ने रजत अरोड़ा के साथ मिलकर लिखी है। कहानी पर और भी मेहनत की जा सकती थी।
सोनम बाजवा और हरनाज़ संधू फिल्म में ग्लैमर और फ्रेशनेस जोड़ती हैं, लेकिन स्क्रिप्ट उन्हें ज्यादा चमकने का मौका नहीं देती। टेक्निकल लेवल पर एक्शन सीक्वेंस टॉप-क्लास है। सिनेमैटोग्राफी शानदार है और बैकग्राउंड स्कोर थ्रिल को और गहरा करता है। हालांकि, पहला हाफ थोड़ा लंबा लगता है और रोमांटिक ट्रैक उतना असरदार नहीं बैठता।
Baaghi 4 खालिस मार-काट और एक्शन से भरी हुई फिल्म है। जिसे देखने के लिए मार-काट और एक्शन पसंद करने वाले ही जा सकते हैं। फिल्म में जितना वाइलेंस है, उसे देखने जाने से फैमिली को थोड़ा बचना चाहिए। बाकी सस्पेंस और टाइगर श्रॉफ का नया अवतार भी है। एक्शन लवर्स के लिए ये फिल्म ट्रीट है।
फिल्म: बागी 4
निर्देशक: ए हर्षा
स्टारकास्ट: टाइगर श्रॉफ, सोनम बाजवा, संजय दत्त और हरनाज संधू
रेटिंग: 3 स्टार्स












Click it and Unblock the Notifications