'मैम आप अपना बच्चा रेस्टोरेंट में भूल गईं', दौड़कर आए वेटर ने आयुष्मान की पत्नी को दिलाया याद
ताहिरा कश्यप ने बताया कि एक बार वो लंच के लिए रेस्टोरेंट गईं और वहां अपने बेटे को ही भूल आईं।
नई दिल्ली, 25 अक्टूबर: मां बनना महिलाओं के लिए एक बेहद सुखद अनुभव होता है, लेकिन इस दौरान उन्हें कई तरह की चुनौतियों का भी सामना करना पड़ता है। बच्चों को संभालते वक्त आम लोगों से लेकर सेलेब्रिटी तक कभी-कभी ऐसी गलतियां कर जाते हैं, जिनकी कल्पना करना भी मुश्किल है। अब बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना की पत्नी ताहिरा कश्यप ने अपनी ऐसी ही कुछ गलतियों और चुनौतियों का जिक्र किया है, जो पहली बार मां बनने पर उनके सामन आईं। ताहिरा कश्यप ने बताया कि एक बार वो लंच के लिए रेस्टोरेंट गईं और वहां अपने बेटे को ही भूल आईं।

'बैग लेना याद रहा, बिल चुकाना याद रहा, लेकिन...'
'हिंदुस्तान टाइम्स' की खबर के मुताबिक, ताहिरा कश्यप ने अपनी इस गलती का जिक्र करते हुए बताया, 'अपने बेटे विराजवीर के जन्म के कुछ समय बाद मैं अपने दोस्तों के साथ लंच करने एक रेस्टोरेंट गई थी। विराजवीर उस समय काफी छोटा था और मैंने उसने वहीं पालने में लिटाया हुआ था। हमने खाना खाया और इसके बाद जब हम लोग वहां से उठे तो मुझे अपना बैग लेना याद रहा, बिल चुकाना याद रहा, लेकिन मैं अपने बच्चे को भूल गई और उसे वहीं छोड़कर अपने दोस्तों के साथ रेस्टोरेंट से बाहर जाने लगी।'

'मैं शर्मिंदा थी और लोग मुझे घूर रहे थे'
ताहिरा कश्यप ने आगे बताया, 'हम लोग रेस्टोरेंट से बाहर निकलने ही वाले थे कि तभी वेटर दौड़ता हुआ मेरे पास आया और बोला- मैम आप अपना बच्चा भूल गईं। वेटर की बात सुनकर मैं बहुत शर्मिंदा हुई और वहां जितने लोग मौजदू थे, सब मुझे घूर रहे थे। ऐसी गलतियां मैंने कई बार कीं। कभी-कभी सरकारी छुट्टी के दिन मैं अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने चली जाती थी। ये ब्लंडर मेरी लाइफ में अभी भी जारी हैं, लेकिन अब मैं अपने लिए कुछ ज्यादा ही दयालु हो गईं हूं और खुद को माफ करने लगी हूं।

'अब सोचती हूं- इससे क्या फर्क पड़ेगा, जाने दो'
आपको बता दें कि आयुष्मान खुराना और ताहिरा कश्यप दो बच्चों के माता-पिता हैं, जिनमें पहला बेटा विराजवीर और दूसरी बेटी वरुष्का है। ताहिरा कश्यप ने इस इंटरव्यू में आगे कहा, 'जब मैं बीमार पड़ी तो मेरी मां ने बच्चों सहित बाकी चीजों को संभाला। वो अक्सर अपना टिफिन मेरे बच्चों को दे देती थीं और मुझे बहुत चिंता होती थी। मैं कहती थी- अरे, मां ने आज लगातार दूसरे दिन बच्चों को चीज सैंडविच दे दिए, बच्चों की सेहत पर असर पड़ेगा। लेकिन अब मैं ऐसी हो गई हूं कि सोचती हूं- इससे क्या फर्क पड़ेगा, जाने दो।'

'द 7 सिन्स ऑफ बीइंग ए मदर' में किए कई खुलासे
गौरतलब है कि आयुष्मान खुराना और ताहिरा कश्यप के बीच शादी से पहले ही गहरी दोस्ती थी। हाल ही में ताहिरा कश्यप ने अपनी किताब 'द 7 सिन्स ऑफ बीइंग ए मदर' में भी अपने जीवन से जुड़ी कई बातों का खुलासा किया है। ताहिरा ने बताया कि जब उनका बच्चा 7 महीने का था, तो वो उसे अपने माता-पिता के पास छोड़कर हनीमून पर गए थे। इस दौरान आयुष्मान खुराना उनका ब्रेस्ट मिल्क पी गए थे।

ताहिरा का ब्रेस्ट मिल्क पी गए आयुष्मान
दरअसल, ताहिरा कश्यप अपने पति आयुष्मान खुराना के साथ तीन दिन के हनीमून ट्रिप पर बैंकॉक जाना चाहती थीं। इस दौरान उन्होंने बच्चे को अपने माता-पिता के साथ ही छोड़ने का फैसला लिया और ताहिरा ने पंप के जरिए अपने दूध की एक दो बोतलें भर कर घर पर छोड़ दीं। हालांकि बैंकॉक पहुंचने के बाद भी उन्हें बार-बार अपना दूध निकालना पड़ रहा था, क्योंकि बच्चा काफी छोटा था। इस दौरान जब उन्होंने एक बोतल में अपना दूध निकाला और बच्चे का हालचाल पूछने के लिए घर पर फोन किया तो वापस लौटने पर उन्हें वो बोतल खाली मिली। ताहिरा ने जब आयुष्मान से इस बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि वो उस दूध को प्रोटीन शेक के साथ मिलाकर पी गए हैं।
ये भी पढ़ें- 'छिछोरे' को मिला नेशनल अवॉर्ड तो साजिद नाडियाडवाला को याद आए सुशांत सिंह राजपूत, कही ये बड़ी बात











Click it and Unblock the Notifications