'चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान' में नरेटर की भूमिका में हैं आशुतोष राणा, शेयर किया एक्सपीरिएंस
पृथ्वीराज चौहान की कहानियों में अक्सर उनकी राजकुमारी संयोगिता के साथ प्रेम कहानी का ही ज़िक्र होता रहा है। लेकिन सोनी एंटरटेनमेंट का नया शो, 'चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान', इस दृष्टिकोण को बदलने का प्रयास करेगा। इस बार, दर्शकों को उस योद्धा सम्राट की वीरता, बुद्धिमत्ता और अद्वितीय सैन्य रणनीतियों से परिचित कराया जाएगा, जिन्होंने 12वीं सदी में इतिहास रचा था। यह शो उस निर्णायक क्षण को भी दर्शाएगा जब पृथ्वीराज चौहान ने मुहम्मद गौरी के खिलाफ ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी थी।
अभिनेता आशुतोष राणा, जो इस ऐतिहासिक गाथा के नैरेटर हैं। उन्होंने कहा कि 'चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान' जैसे शो पर काम करना रचनात्मक रूप से समृद्ध अनुभव रहा है। उन्होंने कहा कि शो की बारीकियां, लेखन और विजुअल्स मिलकर एक ऐसी कहानी पेश करते हैं जो भव्य होने के साथ-साथ सच्चाई से भी जुड़ी है।

राणा ने आगे कहा, नैरेटर के तौर पर मेरी आवाज़ पर इतिहास का भार था, और मैंने इसे गहरी श्रद्धा और यकीन के साथ निभाया। एक ऐसे योद्धा की कहानी सुनाना, जो सम्मान, साहस और धर्म के लिए खड़ा रहा, मेरे भीतर कुछ गहरे स्तर पर जागा। ये शो सिर्फ मनोरंजन नहीं है, बल्कि हमारे देश के साहसी अतीत को एक श्रद्धांजलि है। मैं दर्शकों को यह ऐतिहासिक भव्यता दिखाने के लिए बेसब्र हूं।
भव्य सेट और ऐतिहासिक सटीकता
इस शो का सेट छह भागों में विभाजित है, जो सम्राट पृथ्वीराज चौहान के जीवन से जुड़े विभिन्न स्थानों को दर्शाता है। इनमें राजा के कक्ष, युद्ध क्षेत्र, आंगन और किले के बाहरी हिस्से शामिल हैं। प्रत्येक स्थान को बारीकी से सजाया गया है ताकि दर्शक उस युग का अनुभव कर सकें। शूटिंग शुरू होने से पहले, एक प्रसिद्ध इतिहासकार ने सेट की सटीकता की पुष्टि की, जिससे यह सुनिश्चित हुआ कि हर विवरण सही ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
यह शो 12वीं सदी के राजपूत राजा पृथ्वीराज चौहान के जीवन पर आधारित है, जो अपनी बहादुरी और मुहम्मद गौरी के आक्रमणों के खिलाफ प्रतिरोध के लिए जाने जाते हैं। निर्माताओं ने सेट, वेशभूषा, संवाद और युद्ध दृश्यों को प्रामाणिक रूप देने के लिए हर संभव प्रयास किया है, ताकि दर्शक उस युग की भव्यता और पृथ्वीराज के साहस को महसूस कर सकें।
शानदार युद्ध दृश्य, भव्य सेट, अनुभवी कलाकारों के प्रदर्शन और गहन शोध के साथ, यह श्रृंखला दर्शकों को भारतीय इतिहास के एक गौरवशाली युग में ले जाने के लिए तैयार है। 'चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान' का प्रसारण 4 जून से हर रात 7:30 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनीलिव पर किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications