चिल्लाकर जब अमिताभ बच्चन ने पिता हरिवंश राय बच्चन से पूछा था 'आपने क्यों किया मुझे पैदा?', मिला फिर ये जवाब
अमिताभ अक्सर अपने पिता हरिवंश राय बच्चन को याद कर भावुक होते हुए दिखे हैं। लेकिन एक बार अमिताभ बच्चन ने परेशान होकर अपने पिता से पूछा आपने हमें पैदा ही क्यों किया? जिसका उनके पिता ने हैरान कर देने वाला जवाब दिया।
Amitabh Bachchan: अमिताभ बच्चन के पिता और मशहूर लेखक हरिवंश राय बच्चन की 27 नवंबर को 115वीं जयंती थी। इस मौके पर बिग बी अपने पिता को याद ना करें ऐसा कैसे हो सकता है। अमिताभ बच्चन आज भी अपने पिता की चर्चा किया करते हैं। उन्होंने हाल ही में अपने ब्लॉग में उनके साथ हुई एक मजेदार बातचीत से जुड़ा किस्सा शेयर किया था।

अमिताभ बच्चन ने पिता हरिवंश से पूछा ये सवाल
हरिवंश राय बच्चन और अमिताभ बच्चन के बीच कैसा रिश्ता था यह तो सभी अच्छे से जानते हैं। अमिताभ बच्चन अक्सर अपने पिता से जुड़े किस्से साझा करते रहते हैं। एक बार अमिताभ बच्चन ने अपने पिता से यह पूछ लिया था कि आपने हमें पैदा ही क्यों किया? यह सवाल बिग बी ने तब पूछा जब वह अपने करियर की वजह से काफी परेशान थे।

'आपने क्यों किया हमें पैदा'?
अमिताभ ने अपने पिता से पूछे गए इस सवाल के बारे में फैन्स से ब्लॉग पर साल 2008 में ही शेयर किया था। अमिताभ बच्चन ने बताया था कि, वह एक शाम काफी परेशान और खुद से निराश थे। ऐसे में वह अपने पिता के कमरे में जाते हैं और मन में चल रहे सवाल करते हैं कि, आपने हमें क्यों पैदा किया? वह चिल्लाए और कहा कि, 'आपने क्यों जन्म दिया मुझे'?

पिता ने दिया फिर बिग बी को ऐसा जवाब
अमिताभ बच्चन के इस सवाल का जवाब उनके पिता हरिवंश राय बच्चन ने एक कविता के जरिए दिया था। जब अगली सुबह हुई तो उनके पिता ने हाथ में एक कागज थमाया। इस कविता में लिखा था कि, 'मेरे बेटे मुझसे पूछते हैं- तुमने हमें जन्म क्यों दिया? और इसका जवाब मेरे पास नहीं है कि मेरे पिता ने भी मुझे जन्म देने से पहले मुझसे नहीं पूछा। न ही मेरे पिता ने उसे पैदा करने से पहले उसके पिता से पूछा, न ही मेरे दादाजी ने उन्हें लाने से पहले अपने पिता से पूछा'।

अमिताभ अक्सर करते हैं पिता को याद
हालांकि अमिताभ बच्चन अपने पिता की दी हुई सीख को आज भी नहीं भुले। बिग बी कभी भी अपने पिता की पंक्तियों की चर्चा करना नहीं भूलते। अमिताभ बच्चन अपने पिता की लिखी 'मधुशाला' की जहां अक्सर चर्चा किया करते हैं। जो कि आज की जैनरेशन ने भी सुनी होगी। शायद सिनेमा जगत में अमिताभ बच्चन एकमात्र ऐसे कलाकार हैं जो जब भी मौका मिले अपने माता-पिता को याद जरूर करते हैं।

हरिवंश राय बच्चन की हुई थी 2 बार शादी
हरिवंश बच्चन ने पहली शादी साल 1926 में की थी जब वह सिर्फ 19 साल के थे और उनकी पत्नी श्यामा 14 साल की थीं। साल 1936 में टीबी के कारण उनकी पत्नी का निधन हो गया था। जिसके पांच साल बाद, हरिवंश राय बच्चन ने तेजी सूरी से शादी की, जिनसे उन्हें दो बच्चे अमिताभ और अजिताभ हुए।












Click it and Unblock the Notifications