Amitabh Bachchan के घर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा, एक्टर के साथ क्या हुआ? आखिर क्या है मामला?
Amitabh Bachchan: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बिग बी को खालिस्तानी संगठन 'सिख्स फॉर जस्टिस' (SFJ) की ओर से जान से मारने की धमकी मिली है।
अमिताभ बच्चन के घरों की बढ़ाई गई सुरक्षा
खबर है कि धमकी के बाद ही मुंबई पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित दोनों घरों,'जलसा' और 'प्रतीक्षा', के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी है। बताया जा रहा है कि अब वहां 24 घंटे पुलिस बल तैनात रहेगा।

कैसे शुरू हुआ ये मामला?
-आपको बता दें कि ये पूरा मामला उस वक्त शुरू हुआ जब हाल ही में टीवी के फेमस क्विज रिएलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति 17' (KBC 17) में सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ (Diljit Dosanjh) बतौर गेस्ट पहुंचे थे।
-शो के दौरान दिलजीत दोसांझ ने होस्ट अमिताभ बच्चन के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था जिसके बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उन पर निशाना साधा था।
-इसके बाद दिलजीत दोसांझ को धमकियां मिलने लगी थीं, जिनमें उन्हें कहा गया था कि उन्होंने गुरुओं का अपमान किया है। हालांकि दिलजीत दोसांझ ने इस पर सफाई दी थी कि उनका इरादा सिर्फ सम्मान प्रकट करने का था लेकिन मामला यहीं नहीं रुका।
सिख्स फॉर जस्टिस संगठन हुआ नाराज
-मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) नामक प्रतिबंधित खालिस्तानी संगठन ने इस घटना को लेकर नाराजगी जताई है और अमिताभ बच्चन व दिलजीत दोसांझ दोनों को निशाने पर लिया है।
-केंद्रीय एजेंसियों ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ पर संभावित हमले की आशंका जताई है। इसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बिग बी की सुरक्षा बढ़ाने का फैसला किया है।
अमिताभ बच्चन के घर पर 24 घंटे पुलिस रहेगी तैनात
कहा जा रहा है कि अमिताभ बच्चन के दोनों घरों 'जलसा' और 'प्रतीक्षा' के बाहर पुलिस का सख्त पहरा है। सुरक्षा बढ़ाने के बाद कई पुलिस कर्मियों को सिविल ड्रेस में भी तैनात किया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियोज में देखा जा सकता है कि उनके बंगले के बाहर पुलिसकर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं।
SFJ ने अमिताभ बच्चन पर लगाए पुराने आरोप
-वहीं सिख्स फॉर जस्टिस संगठन ने दावा किया है कि साल 1984 के सिख दंगों के दौरान अमिताभ बच्चन ने कथित तौर पर खून का बदला खून कहकर हिंसा को भड़काया था।
-हालांकि इन आरोपों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एजेंसियों का मानना है कि ये संगठन इस मुद्दे को दोबारा उठाकर सोशल मीडिया के जरिए हिंसा भड़काने की कोशिश कर रहा है।
दिलजीत दोसांझ भी एसएफजे के निशाने पर
-जानकारी के अनुसार इस धमकी में दिलजीत दोसांझ का नाम भी शामिल है। उन्हें 'कौन बनेगा करोड़पति' के मंच पर बिग बी के पैर छूने के बाद धमकियां दी गई हैं। SFJ का कहना है कि दिलजीत दोसांझ का यह कदम सिख गुरुओं के अपमान के बराबर है।
-हालांकि दिलजीत दोसांझ ने अपनी बात रखते हुए कहा था कि वह अमिताभ बच्चन जैसे वरिष्ठ कलाकार के प्रति सम्मान और आदर दिखा रहे थे और इसमें किसी भी तरह का धार्मिक अपमान नहीं है।
बिग बी की सुरक्षा व्यवस्था हुई मजबूत
आपको बता दें कि 83 साल की उम्र में भी अमिताभ बच्चन फिल्मों और टीवी शोज में पूरी तरह से सक्रिय हैं। वह इस समय कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर प्रशासन किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाना चाहता है। फिलहाल मुंबई पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और बिग बी की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications