Ayodhya: क्या अमिताभ बच्चन ने खरीदी है अयोध्या में 14.5 करोड़ की जमीन? रजिस्ट्रार ने खोल दी पूरी सच्चाई
Ayodhya Amitabh Bachchan land: राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के लिए अयोध्या नगरी सज-धजकर तैयार है और आने वाली 22 जनवरी को शुभ मुहूर्त में विशेष मंत्रों के साथ रामलला की मूर्ति स्थापित की जाएगी।
प्राण प्रतिष्ठा की तैयारियों के बीच खबर है कि बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में घर बनाने के लिए जमीन खरीदी है, जिसकी कीमत 14.5 करोड़ बताई जा रही है। लेकिन, अब इस जमीन की कीमत पर पुख्ता जानकारी सामने आई है।

बुधवार को इस बारे में जानकारी देते हुए अयोध्या के रजिस्ट्रार शांति भूषण चौबे ने बताया, 'जमीन की बिक्री का एग्रीमेंट हो गया है और इसके बाद बैनामा होगा। ये एग्रीमेंट द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा (एचओएबीएल) और अमिताभ बच्चन के बीच हुआ है, जिसमें 10 हजार वर्ग फुट का प्लॉट खरीदा गया है और इसके लिए 9 करोड़ रुपए का लेनदेन हुआ है।' तो साफ है कि अमिताभ बच्चन ने 14.5 नहीं, बल्कि 9 करोड़ रुपए में जमीन खरीदी है।
मंदिर से कितनी दूर है अमिताभ का प्लॉट?
आपको बता दें कि अमिताभ बच्चन ने जहां जमीन खरीदी है, वो जगह श्री राम मंदिर से महज 15 मिनट और महर्षि वाल्मिकी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट से 30 मिनट की दूरी पर है। कंपनी के मुताबिक, 'द सरयू' नाम से बन रहा 51 एकड़ का ये 7 स्टार रेटेड कॉम्पलैक्स सरयू नदी के किनारे ही बनाया जा रहा है। वहीं, एचओएबीएल के चेयरमैन अभिनंदन लोढा ने कहा कि उनकी कंपनी 'द सरयू' के पहले निवासी के तौर पर अमिताभ बच्चन का स्वागत करने के लिए बहुत उत्सुक है।
यूपी से फिर जुड़ेंगे अमिताभ बच्चन
अमिताभ बच्चन ने भी इस बारे में बताया था कि वो द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा के साथ अयोध्या में अपनी एक नई यात्रा शुरू करने जा रहे हैं। गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन का परिवार यूपी से ही है। उनका जन्म और पढ़ाई प्रयागराज (उस समय इलाहाबाद) में हुई थी। ऐसे में अयोध्या में घर बनाकर अमिताभ बच्चन अब यूपी से नया जुड़ाव शुरू करने जा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications