सनी देओल की 'बॉर्डर 2' में होगी अक्षय खन्ना की एंट्री, मेकर्स ने की ऐसी तैयारी!
बॉलीवुड की मोस्ट अवेटेड वॉर फिल्म 'बॉर्डर 2' अगले साल 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। मेकर्स इसे भारत की अब तक की सबसे भव्य और बड़ी वॉर फिल्मों में से एक बनाने की तैयारी में हैं। फिल्म की कहानी एक बार फिर 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी, जिसने देश के इतिहास में निर्णायक भूमिका निभाई थी।

स्टारकास्ट में बड़ा सरप्राइज
'बॉर्डर 2' में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी लीड रोल में नजर आएंगे। सबसे बड़ा सरप्राइज यह है कि मूल फिल्म 'बॉर्डर' (1997) में शहीद हुए सुनील शेट्टी, अक्षय खन्ना और सुदेश बेरी के किरदार भी इस सीक्वल का हिस्सा होंगे। इन पात्रों की वापसी ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
मूल फिल्म की विरासत को मिलेगा सम्मान
जेपी दत्ता द्वारा निर्देशित 1997 की 'बॉर्डर' हिंदी सिनेमा की एवरग्रीन फिल्मों में गिनी जाती है। 'बॉर्डर 2' में मूल फिल्म के लोकप्रिय गाने और सनी देओल के यादगार डायलॉग्स को भी शामिल किया जाएगा, ताकि दर्शकों का भावनात्मक जुड़ाव बना रहे और पुरानी यादें ताजा हो सकें।
कहानी में कैसे होगी पुराने किरदारों की एंट्री
पुराने किरदारों की वापसी को लेकर उठे सवालों का जवाब मेकर्स ने कहानी के जरिए दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चूंकि 'बॉर्डर 2' भी 1971 के युद्ध पर आधारित है, इसलिए पुराने पात्रों को नए सैनिकों के 'सीनियर साथी' के रूप में दिखाया जाएगा। निर्देशक अनुराग सिंह और प्रोड्यूसर-राइटर निधि दत्ता का मानना है कि इससे फिल्म की गहराई और भावनात्मक प्रभाव बढ़ेगा।
पुराने और नए किरदारों का खास मिलन
फिल्म में एक खास सीक्वेंस रखा गया है, जहां 1971 का युद्ध शुरू होने से पहले पुराने और नए दोनों फिल्मों के किरदार आमने-सामने आएंगे। यह सीन दर्शकों के लिए बेहद खास होगा, क्योंकि इसमें सुनील शेट्टी और उनके बेटे अहान शेट्टी पहली बार एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।
शूटिंग और तकनीकी तैयारी
इस विशेष हिस्से की शूटिंग पहले पुणे में करने की योजना थी, लेकिन डेट्स की समस्या के कारण इसे टाल दिया गया। नवंबर में अक्षय खन्ना और सुदेश बेरी ने मुंबई में अपने सीन पूरे कर लिए। वहीं, सुनील शेट्टी दूसरे प्रोजेक्ट के अलग लुक में होने के कारण ग्रीन स्क्रीन पर शूट हुए। तीनों कलाकारों को उनके पुराने लुक में दिखाने के लिए डिजिटल डी-एजिंग और स्पेशल इफेक्ट्स का इस्तेमाल किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications