एक्टर सिद्धार्थ का आरोप- 'एयरपोर्ट पर सुरक्षाकर्मियों ने उनके माता-पिता को किया परेशान'
Actor Siddharth का आरोप है कि मदुरई एयरपोर्ट पर उनके माता-पिता को 20 मिनट तक परेशान किया गया। इसके लिए उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी लिखी है।

बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के हीरो सिद्धार्थ ने मदुरई एयरपोर्ट की सुरक्षा में तैनात जवानों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनके माता-पिता को बिना वजह परेशान किया गया। इसके लिए बकायदा उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखी, जिस पर बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग एक्टर, तो कुछ लोग जवानों के फेवर में नजर आ रहे हैं।
सिद्धार्थ ने लिखा कि CRPF ने खाली पड़े मदुरई एयरपोर्ट पर 20 मिनट तक हैरस (परेशान) किया। मेरे माता-पिता को बैग से सिक्के निकलवाकर उसे चेक किया। मेरे माता-पिता जवानों से अंग्रेजी में बात करने का अनुरोध करते रहे, लेकिन उन्होंने हिंदी में बात की। उनका बहुत ही बुरा बर्ताव था। जब मेरे माता-पिता ने इसका विरोध किया तो उन्होंने कहा कि इंडिया में ऐसे ही होता है। बेरोजगार लोग अपनी पावर को दिखा रहे हैं। वैसे आमतौर पर CISF के पास एयरपोर्ट की सिक्योरिटी का जिम्मा रहता है, ऐसे में लग रहा कि एक्टर ने कंफ्यूज होकर पोस्ट में CISF की जगह CRPF लिख दिया।
मूल रूप से तमिलनाडु से हैं सिद्धार्थ
सिद्धार्थ मूल रूप से तमिलनाडु के रहने वाले हैं। उनका पूरा नाम सिद्धार्थ सूर्यनारायण है, लेकिन फिल्मों में आने के बाद उन्होंने उसको शॉर्ट करके 'सिद्धार्थ' कर लिया। उनके माता-पिता को भी हिंदी ठीक से बोलनी नहीं आती, इस वजह से वो सुरक्षाकर्मियों से अंग्रेजी में बात करने को कह रहे थे।
विवादों से रहा है पुराना नाता
जब पंजाब में पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक हुई थी। उस वक्त बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने एक पोस्ट लिखी थी, जिस पर सिद्धार्थ ने बहुत ज्यादा आपत्तिजनक टिप्पणी की। हालांकि बाद में उन्होंने माफी मांग ली थी। इसके अलावा सामंथा के साथ सिद्धार्थ का रिलेशन था। जब सामंथा की शादी टूटी तो भी सिद्धार्थ ने पोस्ट कर उन पर तंज कसा था, जिसके बाद उनकी काफी आलोचना हुई।












Click it and Unblock the Notifications