रुपाली गांगुली के शो 'अनुपमा' के सेट पर लगी भीषण आग, घटना का खौफनाक वीडियो आया सामने
मुंबई की गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में आज सुबह करीब 6 बजे आग लग गई। ये आग टीवी के फेमस शो अनुपमा के सेट पर लगी थी। आग के लगते ही सेट के चारों तरफ अफरातफरी मच गई। लेकिन तुरंत मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। राहत की बात ये रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। लेकिन स्टूडियो को काफी नुकसान हुआ है।
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने मुंबई के स्टूडियो में लगी आग की घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह एक गंभीर मामला है। उन्होंने शहर में स्टूडियो के लिए अग्नि सुरक्षा प्रोटोकॉल और दैनिक सुरक्षा ऑडिट की आवश्यकता पर जोर दिया है। AICWA का मानना है कि मुंबई के स्टूडियो में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

एसोसिएशन ने आगे कहा कि वे इस मामले में तत्काल कार्रवाई चाहते हैं। जिससे आगे इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। AICWA ने कहा कि वे यह सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों से संपर्क करेंगे कि सभी स्टूडियो अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें। AICWA के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने कहा कि यह तय किया जाना चाहिए कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों और किसी को भी अनावश्यक रूप से पीड़ित न होना पड़े। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है। लेकिन AICWA ने इस घटना की जांच की मांग की है। साथ कहा है कि जो भी जिम्मेदार हो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications