प्रदेश स्तर पर तीन और जिलों में दो उत्कृष्ट गौठान होंगे सम्मानित, 15 अगस्त पर सीएम करेंगे पुरस्कृत
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर जहां राज्य स्तर पर तीन उत्कृष्ट गौठानों को सम्मानित करेंगे। वहीं जिलों में भी दो उत्कृष्ठ गौठान सम्मानित किए जाएंगे।
दुर्ग, 09 अगस्त। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर जहां राज्य स्तर पर तीन उत्कृष्ट गौठानों को सम्मानित करेंगे। वहीं जिलों में भी दो उत्कृष्ठ गौठान सम्मानित किए जाएंगे। दुर्ग जिले में सर्वश्रेष्ठ दो गौठानो को निर्धारित राशि से पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए कृषि विभाग द्वारा उत्कृष्ट गौठनों के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

राज्य के तीन सर्वश्रेष्ठ गौठानों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में 50-50 हजार रूपए का पुरस्कार तथा प्रत्येक जिले के एक उत्कृष्ट गौठानों को 25-25 हजार रूपए का पुरस्कार जिला स्तरीय समारोह में प्रदान किया जाएगा। उत्कृष्ट गौठानों को पुरस्कृत करने के लिए 10 लाख रूपए का अनुमोदन गोधन न्याय योजना की बैठक में किया गया था।

चयन समिति का हुआ गठन
जिला स्तर पर चयनित दो-दो उत्कृष्ट गौठानों के नाम को कलेक्टर के अनुमोदन पश्चात संभाग स्तर पर संयुक्त संचालक कृषि की अध्यक्षता में गौठानों के निरीक्षण एवं मूल्यांकन के लिए राज्य स्तर पर गठित 5 सदस्यीय समिति को भेजा गया था। संभाग स्तरीय समिति द्वारा कृषि संचालनालय को 7 अगस्त तक उपलब्ध कराए गए प्रस्ताव ही मान्य होंगे।

दुर्ग के 122 गौठानो में 10 मॉडल गौठान है जिनमे 2 गौठान का चयन इस पुरस्कार के लिए किया गया है। जिन्हें 25-25 हजार की राशि दी जायेगी। समारोह में उत्कृष्ट गौठान से संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच एवं गौठान समिति के अध्यक्ष को मुख्य अतिथि द्वारा शाल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया जाएगा।
गौठानो को इन मापदंडों पर हुआ चयन
कृषि विभाग ने उत्कृष्ट गौठानों के चयन के लिए बेसिक स्ट्रक्चर, गोबर क्रय एवं वर्मी कम्पोेस्ट उत्पादन, विविध आजीविका एवं स्वावलंबन को आधार मानते हुए इसके लिए कुल 100 अंक निर्धारित किए हैं। मूलभूत सुविधाओं के तहत गौठानों में पानी, विद्युत, शेड, कोटना निर्माण, सोलर पम्प, फेंसिंग सहित जियो टैगिंग के लिए अधिकतम 7 अंक निर्धारित किया गया है।
वर्मी कम्पोस्ट उत्पादन व बिक्री के 71 अंक
उत्कृष्ठ गौठानों में गोबर क्रय एवं कम्पोस्ट उत्पादन के अंतर्गत समूहों द्वारा गोबर की सक्रिय खरीदी, मात्रा, सक्रिय गोबर विक्रेताओं की संख्या, वर्मी कम्पोस्ट हेतु टैंकों की उपलब्धता, गोबर से कम्पोस्ट निर्माण का अनुपात, उत्पादन के अनुसार वर्मी कम्पोस्ट का विक्रय एवं मानक नमूनों के प्रतिशत के लिए अधिकतम 71 अंक निर्धारित किए गए हैं।
महिला समूहों के आय पर 12 अंक
इस चयन में सबसे महत्वपपूर्ण महिला समूहों के द्वारा गौठानों में आजीविकामूलक गतिविधियों को भी शामिल किया गया है। इसके अनुसार महिला समूह द्वारा निर्माण किये जा रहे उत्पाद की बिक्री पश्चात प्राप्त लाभांश का प्रति सदस्य की औसत आय पर अधिकतम 12 अंक दिए जाएंगे। इसके अलावा स्वावलंबी गौठान द्वारा गोबर क्रय के लिए किए गए भुगतान की किश्त संख्या के लिए अधिकतम 10 अंक निर्धारित है।












Click it and Unblock the Notifications