KBC की हॉट सीट पर बैठी अम्बिकापुर की कर्नल मिताली, बॉलीवुड हस्तियों ने वीरता को किया सलाम
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सैनिक स्कूल अम्बिकापुर की प्राचार्य कर्नल मिताली मधुमिता सेना मैडल कौन बनेगा करोड़पति के 14वें सीजन के पहले एपिसोड में हॉट सीट पर नजर आई।
अंबिकापुर, 11 अगस्त। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सैनिक स्कूल अम्बिकापुर की प्राचार्य कर्नल मिताली मधुमिता सेना मैडल कौन बनेगा करोड़पति के 14वें सीजन के पहले एपिसोड में हॉट सीट पर नजर आई। अम्बिकापुर की कर्नल मिताली मधुमिता सेना मेडल को स्वतंत्रता के 75 वें वर्ष को समर्पित तथा रविवार को प्रसारित होने वाले कौन बनेगा करोड़पति के विशेष एपिसोड 'आजादी के गर्व का महोत्सव' में आमंत्रित किया गया था। इस शो के प्रस्तुतकर्ता वॉलीवुड के मेगा स्टार अमिताभ बच्चन के सामने कर्नल मिताली हॉट सीट पर बैठकर सवालों के जवाब देते नजर आईं।

महिला सैन्य अधिकारी को इसलिए मिला था सेना मेडल
दरअसल शो के दौरान मशहूर फ़िल्म अभिनेता अमीर खान के सवाल पर कर्नल मिताली मधुमिता सेना मेडल ने बताया कि, साल 2010 में अफगानिस्तान के काबुल में आतंकियों द्वारा भारतीय दूतावास पर हुए हमले के दौरान स्वयं दूतावास में जाकर कई घायल अफगान नागरिकों और सैन्य कर्मियों को बचाया था।

19 लोगों की बचाई थी जान, अभिनेताओं ने किया सैल्यूट
भारतीय दूतावास में भीषण गोलीबारी के बीच मिताली मधुमिता ने कुल 19 लोगों की जान बचाई, इसमें अफगानी नागरिक भी शामिल थे। उन्हें अपने अनुकरणीय साहस और वीरता के लिए साल 2011 में राष्ट्रपति के द्वारा सेना मेडल से सम्मानित किया गया था। इस घटना को सुनते ही कौन बनेगा करोड़पति के इस खास एपिसोड में उपस्थित दर्शक व फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन, आमिर खान ने कर्नल मिताली मधुमिता की वीरता को सलाम किया। केबीसी के मंच पर भारत माता के जयकारे गूंजते रहे।

जीत की राशि आर्मी वेलफेयर फंड में किया डोनेट
कर्नल मिताली ने बताया कि केबीसी में जीती गई राशि को आर्मी वेलफेयर फंड को दान कर दिया गया है। इस क्विज शो के दौरान प्राचार्य कर्नल मिताली मधुमिता सेना मेडल एवं आमिर खान की जोड़ी ने कौन बनेगा करोड़पति का पहला चरण आसानी से पार किया। इसके बाद आगे की खेल के लिए सेवानिवृत्त मेजर डीपी सिंह को बुलाया गया। उन्होंने खेल के नियम अनुसार अगले चरण (50 लाख)तक पहुंचाया।

बड़े पर्दे पर कैडेटव स्टाफ ने देखा KBC
अम्बिकापुर में एनसीसी कैडेटों और स्टाफ के लिए रविवार का ऐतिहासिक था। सभी ने सैनिक स्कूल अंबिकापुर के सभागार पर कौन बनेगा करोड़पति का यह स्पेशल एपिसोड बड़े पर्दे पर देखा। स्कूल के कैडेटों ने कहा कि हमें भारतीय सेना, रक्षा सेनाओं सैनिक स्कूल अंबिकापुर एवं प्राचार्य मिताली मधुमिता सेना मेडल पर गर्व है। साथ ही अंबिकापुर सरगुजा के लिए गर्व का विषय है

शार्ट कमीशन के तहत हुई थी शामिल
साल 2000 में मिताली मधुमिता ने शार्ट सर्विस कमीशन के तहत सेना में जॉइनिंग ली थी। जिसमें वे आर्मी एजुकेशन कैडेट का हिस्सा बनी, सेना में अंग्रेजी भाषा की ट्रेनिंग के तहत वे अफगानिस्तान के काबुल में सेवारत थीं। जिसके बाद उन्हें जम्मू कश्मीर और भारत के पूर्वोतर राज्यों में तैनात किया गया था। उनकी सेवा को स्थायी कमीशन के अधिकारी के लिए अपील किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications