PET Exam 2023: देवरिया में PET देते पकड़े गए चार साल्वर, पुलिस ने की यह कार्रवाई
Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे चार साल्वरों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पकड़े गए सभी आरोपी बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है।
रविवार और सोमवार को दो दिन यूपी पेट की परीक्षा आयोजित की गई है। देवरिया जिले में 24 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। रविवार को प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की स्क्रीनिंग हो रही थी। इसी दौरान शहर के एसएसबीएल इंटर कालेज, कलिंद इंटर कॉलेज और जोनिया सेंट्रल स्कूल तथा रामपुर कारखाना के अशोक इंटर कॉलेज में परीक्षा दे रहे चार अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक न मिलने की बात सामने आई। बताया जाता है बायोमेट्रिक न मिलने की सूचना लखनऊ से आई थी।

बायोमेट्रिक न मिलने की सूचना पर जांच टीम सक्रिय हो गयी। इसके बाद से चारों से गहन पूछताछ शुरु कर दी गयी। अन्य कागजात भी चेक किए गए। जांच में चारो को फर्जी पाया गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बिहार के सिवान जिला निवासी ओम प्रकाश महतो, पटना निवासी मुकेश कुमार सिंह , नवादा निवासी राकेश रंजन नवादा और सिंहा अभिषेक कुमार को हिरासत में ले लिया। इन सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications