निकाह के बाद दुल्हन ने ससुराल जाने से किया इनकार, महज 10 घंटे में ही हो गया तलाक
देवघर। झारखंड के देवघर में निकाह के बाद शगुन के कपड़ों को लेकर हंगामा मच गया। बात इतनी बढ़ी कि दुल्हन ने ससुराल जाने से ही इनकार कर दिया। इसके बाद बारातियों को बंधक बना लिया गया। बवाल बढ़ा तो जरमुंडी विधायक बादल पत्रलेख और मुखिया अब्दुल मियां आए। पंचायत हुई और दूल्हा पक्ष ने मेहर के 3.40 लाख रुपए वापस किए। इसके बाद सुलहनामा हुआ और मुस्लिम रीति रिवाज के तहत दूल्हे ने निकाह के महज 10 घंटे बाद ही दुल्हन को तीन तलाक दे दिया।

दुल्हन के शगुन के कपड़ों को लेकर बवाल
दरअसल, सारठ के पिंडारी गांव के रहने वाले मोहम्मद निशाद ने अपनी बेटी की शादी सोनारायठाढ़ी के महापुर गांव में रहने वाले खुर्शीद मियां के बेटे आरिफ अख्तर से तय की थी। मंगलवार की रात बारात पिंडारी पहुंची तो लड़की पक्ष ने उनका शानदार स्वागत किया। निकाह की रस्म शुरू हुई। रात करीब 12 बजे दुल्हन के लिए ससुराल से लाए गए शगुन के कपड़े और जेवर की मांग की गई। दूल्हा पक्ष ने जल्दबाजी में शगुन के कपड़े घर पर छोड़ आने की बात कही।

निकाह के बाद आए पुराने कपड़े
दूल्हा पक्ष का कहना था कि घर से शगुन के कपड़े मंगा लिए जाएंगे, निकाह की रस्म जारी रखी जाए। इसके बाद निकाह सम्पन्न हो गया। जब शगुन के कपड़े आए तो दुल्हन पक्ष के लोग कपड़े से गुस्सा हो गए। उन्होंने कहा कि नकाब और लहंगा पुराना है और जेवर भी बहुत हल्के हैं। काफी देर कहासुनी हुई, दुल्हन ने भविष्य में बदसलूकी होने की आशंका जताते हुए ससुराल जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पिंडारी गांव के लोगों ने सभी बाराती को बंधक बना लिया।

निकाह के 10 घंटे बाद तलाक
मामला बढ़ा तो जरमुंडी विधायक बादल पत्रलेख और मुखिया अब्दुल मियां आए। दोनों पक्षों को बैठाकर पंचायत की गई, जिसमे सहमति के आधार पर दूल्हा पक्ष ने 3.40 लाख रुपए वापस किए। सुलह के बाद मुस्लिम रीति रिवाज के तहत दूल्हे ने दुल्हन को तीन तलाक दे दिया।












Click it and Unblock the Notifications