क्या लॉरेंस बिश्नोई को भाजपा का संरक्षण प्राप्त है; गृहमंत्री अमित शाह पर खूब बरसे अरविंद केजरीवाल
Delhi News: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। केजरीवाल ने शुक्रवार को दिल्ली विधानसभा में आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते बिश्नोई का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि साबरमती जेल में बंद कुख्यात अपराधी लॉरेंस बिश्नोई ने खौफ का माहौल बना दिया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या बिश्नोई को भाजपा का संरक्षण प्राप्त है। वह जेल में रहकर अपना पूरा काम चला रहा है।
पूर्व सीएम केजरीवाल ने एक अखबार दिखाते हुए राजधानी दिल्ली में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लिया। लॉरेंस का नाम लेते हुए केजरीवाल ने कहा, लॉरेंस बिश्नोई ने हंगामा मचा रखा है। यह जिस जेल में बंद है, वो बीजेपी शासित गुजरात के अंदर है। समझ नहीं आता है कि लॉरेंस बिश्नोई वहां से कैसे गैंग चला रहा है।

केजरीवाल ने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि लॉरेंस बिश्नोई कौन है, अमित शाह को बताना होगा। यह बताना होगा कि लॉरेंस बिश्नोई को भारतीय जनता पार्टी ने ही संरक्षण दे रखा है। वह सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर में अपने गैंग को यहीं से चला रहा है। कैसे चला रहा है, उसे कौन-कौन सी सुविधाएं मिल रही हैं। दिल्ली के अंदर वह गैंग चला रहा है, अमेरिका, कनाडा और पूरी दुनिया में कारोबार चला रहा है। अमित शाह को बताना होगा वह इतना खतरनाक कैसे हो गया।
केजरीवाल ने आगे कहा कि दिल्ली गैंगस्टरों का कैपिटल बन गया है। पूर्व सीएम ने आगे कहा कि देश के गृहमंत्री के सरकारी आवास के कुछ किलोमीटर के दूरी के भीतर कई बड़ी घटनाएं घटी हैं। गोविंदपुरी में 13 नवंबर को दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। 14 किलोमीटर दूर फर्श बाजार में दो लोगों की हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा, दिल्ली में दर्जनों गैंग सक्रिय है। दिल्ली पुलिस क्या कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications