जंगपुरा की जनता के लिए सिसोदिया का बड़ा ऐलान, जारी किया "शिक्षा घोषणापत्र"
New Delhi: शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाले आप नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया आजकल लगातार अपने क्षेत्र में एक्टिव नजर आ रहे हैं। इस बार सिसोदिया पटपड़ गंज की जगह जंगपुरा से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने फिर से शिक्षा मॉडल को ही अपना प्रमुख चुनावी एजेंडा बनाया है। बीते दिन उन्होंने जंगपुरा के लिए अपने शिक्षा मॉडल का ऐलान किया।
उन्होंने कहा कि आप सरकार बनते ही वे अपने चुनाव क्षेत्र में सराय काले खां और हजरत निज़ामुद्दीन में विश्वस्तरीय सुविधा मुहैया कराएंगे। सरकारी स्कूलों की तर्ज पर जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र के सभी सहायता प्राप्त स्कूलों में शैक्षिक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। प्राइवेट स्कूलों को मनमाने तरीके से फीस नहीं बढ़ाने दिया जाएगा।

मनीष सिसोदिया ने शिक्षा घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि उनका ट्रैक रिकॉर्ड शिक्षा के क्षेत्र में काम करने का रहा है। इसी राह पर चलने के लिए वे अग्रसर हैं। शिक्षा मंत्री के रूप में अपने काम का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, दिल्ली के हर बच्चे को अच्छी शिक्षा देने के लिए एक ठोस नींव तैयार की है। उन्होंने कहा कि वे अपने चुनाव क्षेत्र में इसी काम को आगे बढ़ाएंगे। शिक्षा में अभूतपूर्व बदलाव लाने की क्षमता है। वे चाहते हैं कि हमारा बच्चा बड़ा होकर एक सफल और प्रतिष्ठित व्यक्ति बने।
आगे उन्होंने कहा कि इस इलाके में सरकारी स्कूल विश्वस्तरीय होंगे। आधुनिकता के लिहाज से हर मापदंड पर खरे उतरेंगे, लेकिन उनकी फीस सामान्य सरकारी स्कूलों की तरह होगी। हर गरीब व्यक्ति भी अपने बच्चे को इन स्कूलों में पढ़ा सकेगा। बच्चों की शिक्षा का ट्रैक रिकॉर्ड रखा जाएगा और उसकी मॉनीटरिंग कर उसे आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications