'PM मोदी की तेरहवीं' मनाने वाली नीशु आजाद के घर के बाहर खड़े कौन लोग? हमला हुआ तो अब स्वतंत्र भारद्वाज की खोली

Nishu Azad News: जंतर-मंतर के विवाद से चर्चा में आईं नीशु आजाद ने अब अपने घर की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। नीशु का आरोप है कि उनके घर पर पत्थर फेंके गए और कुछ लोग घर के बाहर खड़े होकर उन्हें उकसाते और धमकाते नजर आए।

उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर कहा है कि अगर उन्हें या उनके परिवार को कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी स्वतंत्र भारद्वाज और उनके साथियों की होगी। हालांकि घर के बाहर दिख रहे लोगों की पहचान या पथराव के पीछे किसका हाथ है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

Nishu Azad News

घर के बाहर खड़े लोगों पर नीशु ने क्या कहा?

नीशु आजाद ने वीडियो जारी कर पुलिस से सुरक्षा मांगी है। उनका कहना है कि मामला अब सिर्फ सोशल मीडिया की बहस तक नहीं रहा। उनके मुताबिक कुछ लोग घर के बाहर आकर तेज आवाज में बातें कर रहे थे और उन्हें देखकर उकसाने की कोशिश कर रहे थे।

नीशु ने आरोप लगाया कि वहां मौजूद लोग खुद को भाजपा समर्थक और आरएसएस से जुड़ा हुआ बता रहे थे। उनके मुताबिक वे यह भी कह रहे थे कि उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। नीशु का कहना है कि जब इन लोगों को पता चला कि वह इसी घर में रहती हैं, तब उनका व्यवहार और ज्यादा आक्रामक हो गया।

उन्होंने परिवार की चिंता जाहिर करते हुए कहा, "अब डर इस बात का है कि अगर ये लोग घर के अंदर आ गए और मेरे मम्मी-पापा के साथ कुछ हो गया तो जिम्मेदार कौन होगा। मेरी और मेरे परिवार की सुरक्षा कौन करेगा?" नीशु ने एक दूसरी पोस्ट में घर पर पत्थर फेंके जाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने बालकनी और घर के आसपास मिले पत्थरों का वीडियो साझा किया और कहा कि उन्हें पहले कभी इतना डर नहीं लगा था। पुलिस से उन्होंने जल्द सुरक्षा देने की अपील की है।

कौन हैं नीशु आजाद?

नीशु आजाद एक छात्र कार्यकर्ता और सोशल मीडिया पर सक्रिय चेहरा हैं। छात्र मुद्दों, सामाजिक न्याय और बहुजन राजनीति से जुड़े प्रदर्शनों में उनकी मौजूदगी रही है। इसी वजह से पिछले कुछ महीनों में उनका नाम सोशल मीडिया और राजनीतिक चर्चाओं में लगातार सामने आया।

इस विवाद से पहले भी नीशु दिल्ली में छात्र आंदोलनों से जुड़े प्रदर्शनों में नजर आई थीं। इस साल यूजीसी के इक्विटी नियमों को लेकर हुए छात्र विरोध में भी उनका नाम सामने आया था। इसके बाद कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन से जुड़े विवाद ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में ला दिया।

नीशु को लेकर एक और वजह से सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतीकात्मक 'तेरहवीं' के नाम से आयोजित कार्यक्रम में उनके शामिल होने के वीडियो सामने आए थे। इसी के बाद वह सोशल मीडिया बहस का हिस्सा बन गईं।

स्वतंत्र भारद्वाज से विवाद कहां से शुरू हुआ?

पूरा विवाद जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान हुई झड़प से जुड़ा है। इसी दौरान नीशु के पिता संजय कुमार और स्वतंत्र भारद्वाज के बीच विवाद हुआ था। नीशु और उनके परिवार का आरोप है कि स्वतंत्र ने संजय कुमार के सिर पर हमला किया था।

बाद में स्वतंत्र भारद्वाज के एक पॉडकास्ट का वीडियो सामने आया। इसमें उन्होंने संजय कुमार के सिर पर चोट लगने की बात स्वीकार करने जैसा बयान दिया। इसी वीडियो के बाद मामला फिर भड़क गया और स्वतंत्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई।

हालांकि स्वतंत्र भारद्वाज ने बाद में अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने जो बात कही थी, वह विरोधियों के दावों को तंज के तौर पर दोहराते हुए कही थी। उन्होंने घटना को आत्मरक्षा से भी जोड़ा है। यानी इस पूरे मामले में दोनों पक्षों के दावे अलग-अलग हैं और अंतिम तस्वीर पुलिस जांच तथा अदालत की प्रक्रिया से ही साफ होगी।

अब स्वतंत्र भारद्वाज पर क्या कार्रवाई हुई?

विवाद बढ़ने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ता और कांग्रेस से जुड़े नेता संसद मार्ग थाने पहुंचे। नीशु आजाद और उनके पिता के साथ हुई घटना में कार्रवाई की मांग की गई। दिल्ली पुलिस ने बाद में स्वतंत्र भारद्वाज को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से पकड़ा।

मामले में अनुसूचित जाति-अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण कानून की धाराएं जोड़ी गईं। नाबालिग नीशु से जुड़े मामले में पॉक्सो कानून के तहत भी नई प्राथमिकी दर्ज होने की रिपोर्ट सामने आई है। स्वतंत्र को अदालत में पेश किए जाने के बाद एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया। इससे पहले नीशु ने कहा था कि पुलिस अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिया है कि स्वतंत्र के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बाद में गिरफ्तारी भी हुई।

राहुल गांधी से चंद्रशेखर आजाद तक, नीशु को किसका साथ मिला?

मामला सामने आने के बाद नीशु आजाद को कई राजनीतिक और सामाजिक चेहरों का समर्थन मिला। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी परिवार के साथ खड़े होने की बात कही। चंद्रशेखर आजाद और कॉकरोच जनता पार्टी से जुड़े नेताओं ने भी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस की ओर से दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा भी नीशु और उनके पिता के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे। उनके साथ कांग्रेस के विधि विभाग से जुड़े ऋषभ रंजन भी मौजूद थे। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई और कड़ी धाराएं जोड़ने की मांग की।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+