दिल्ली में छात्र की पिटाई मामले में NHRC का नोटिस, चीफ सेक्रेटरी और पुलिस कमिश्नर से मांगा जवाब
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी और पुलिस कमिश्नर को भेजे गए नोटिस में पूछा है कि छात्र की पिटाई के मामले में अब तक क्या- क्या कार्रवाई की गई है।
दिल्ली के एक सरकारी स्कूल में शिक्षक द्वारा छात्र की गंभीर पिटाई के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने स्वत: संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है। आयोग ने नोटिस में मामले जुड़े अहम बिंदुओं पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। एनएचआरसी ने रिपोर्ट में दोषी शिक्षक के खिलाफ की गई कार्रवाई, मामले में दर्ज एफआईआर की स्थिति, पीड़ित छात्र के स्वास्थ्य की स्थिति और पीड़ित परिवार को दिया गया मुआवजे की जानकारी मांगी है। इसके साथ ही आयोग भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए लिए गए या फिर लिए जाने वाले एक्शन के विषय में जानकारी देने को कहा है।
मानवाधिकार आयोग ने कहा है कि दिल्ली के एक सरकारी स्कूल के एक छात्र को उसके शिक्षक द्वारा गंभीर पिटाई के बाद अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। मामले में उसके माता-पिता ने एफआईआर दर्ज कराई है। जबकि पुलिस ने मामले में अब कोई गिरफ्तारी नहीं की। आयोग ने कहा सख्त कानून के बावजूद शारीरिक दंड की घटना अभी भी जारी है। यह एक चिंता का विषय है।

आयोग मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा, अगर ये रिपोर्ट्स सच साबित हुईं, तो ये मानवाधिकार उल्लंघन का मामला है। नोटिस जारी करते हुए आयोग ने कहा है कि बच्चों के लिए राष्ट्रीय नीति 2013 में कहा गया है कि शिक्षा के क्षेत्र में राज्य यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी बच्चे को किसी भी तरह की शारीरिक सजा या मानसिक उत्पीड़न का सामना न करना पड़े और अनुशासन प्रदान करने के लिए सकारात्मक सहभागिता को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, ताकि बच्चों को सीखने का अच्छा अनुभव मिल सके।
दरअसल, ये घटना 16 अगस्त 2023 की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पीड़ित छात्र के पिता ने आरोप लगाया है कि स्कूल टीचर ने पहले उसके बेटे को थप्पड़ मारा और फिर उसकी गर्दन मरोड़ दी। अगले दिन जब गले में सूजन दिखी तो पीड़ित ने थाने जाकर एफआईआर दर्ज कराई।












Click it and Unblock the Notifications