Delhi Today: शहर में मानसून की दस्तक, आपातकाल के 50 साल पर विशेष कार्यक्रम, जानें दिल्ली में क्या है खास?
Delhi Today: दिल्ली में जारी गर्मी के बीच बारिश की संभावना जताई जा रही है। वहीं, आज 25 जून 2025 को देश के लिए एक खास दिन भी है। आपातकाल के 50 साल पूरे होने पर पूरे देश में विरोध और जागरूकता के कार्यक्रम चल रहे हैं। दिल्ली में इमरजेंसी पर विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। साथ ही नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पार्किंग व्यवस्था में बदलाव लागू होगा और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव भी आयोजित किए जाएंगे। मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली में मानसून के आने की संभावना है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। आइए, जानते हैं आज का पूरा अपडेट।
आपातकाल के 50 साल पूरे, शहर में कई कार्यक्रम का होगा आयोजन
बुधवार यानी 25 जून को आपातकाल के 50 साल पूरे होने जा रहे हैं। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और कई अन्य संगठनों ने आपातकाल विरोधी कार्यक्रमों की व्यापक तैयारी की है। 1975 में लगे आपातकाल को देश के लोकतंत्र का काला अध्याय माना जाता है। उस दौर में हजारों नागरिकों को बिना किसी ठोस कारण के गिरफ्तार कर लिया गया, जबरन जेलों में बंद किया गया, और महीनों तक उन्हें रिहा नहीं किया गया। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, प्रेस की आज़ादी और राजनीतिक विरोध को कुचलने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग किया गया। आज, जब इस घटना को 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं, तब इसका स्मरण करना देश की लोकतांत्रिक चेतना को फिर से जागृत करने का एक प्रयास है।

कनॉट प्लेस में इमरजेंसी पर विशेष प्रदर्शनी
दिल्ली के कनॉट प्लेस में 25 जून 2025 को केंद्र सरकार की ओर से एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन 1975 में देश में लगे आपातकाल की पृष्ठभूमि और भारतीय लोकतंत्र पर पड़े उसके प्रभाव को चित्रों और ऐतिहासिक दस्तावेजों के माध्यम से सामने लाएगा। प्रदर्शनी में ऐसे दुर्लभ दस्तावेज और फोटोग्राफ प्रदर्शित किए जाएंगे जो तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाए गए आपातकाल के निर्णय और उसके दुष्प्रभावों को रेखांकित करेंगे। सूत्रों के अनुसार, इस प्रदर्शनी में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, कैबिनेट मंत्रीगण और कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारी भी शिरकत कर सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य नई पीढ़ी को उस दौर से अवगत कराना है, जब लोकतंत्र पर अघोषित अंकुश लगाया गया था, और यह बताना है कि भारत ने किस तरह उस संकट से उबरकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की।
कैसा रहेगा मौसम?
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोग आखिरकार गर्मी और उमस से राहत की उम्मीद कर सकते हैं, क्योंकि भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार (25 जून) को मानसून दिल्ली में प्रवेश कर सकता है। बीते कुछ दिनों से दिल्लीवासी चिपचिपी गर्मी और उमस से बेहाल हैं, लेकिन अब मौसम बदलने की संभावना जताई जा रही है।मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में मानसून के आगमन के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। बुधवार को शहर में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें Delhi University के एडमिशन फॉर्म से गायब हुआ 'उर्दू', अब DU ने बताया क्यों हुआ ऐसा?
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पार्किंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव
25 जून से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पार्किंग व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। अब स्टेशन पर आने वाले यात्रियों और वाहनों को पहले 8 मिनट तक की पार्किंग बिल्कुल मुफ्त मिलेगी, लेकिन ये सुविधा सिर्फ अजमेरी गेट की तरफ की पार्किंग में लागू होगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, नई व्यवस्था के लिए 14.5 करोड़ रुपये सालाना की लाइसेंस फीस के साथ नया टेंडर जारी किया गया है, और नई कंपनी 25 जून से एक्सेस कंट्रोल का जिम्मा संभालेगी।
क्या होगा बदलाव?
अभी तक ड्रॉप लेन (एक्सेस लेन) पर यात्रियों को छोड़ने और रिसीव करने दोनों के वाहन पहुंचते हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है और यात्रियों को असुविधा होती है।
नई व्यवस्था के तहत
- यात्रियों को छोड़ने वाले वाहन 8 मिनट के अंदर बाहर निकलने पर कोई शुल्क नहीं देंगे।
- यात्रियों को रिसीव करने वाले लोगों को VIP पार्किंग में इंतजार करना होगा, और बाहर निकलते समय उन्हें तय पार्किंग शुल्क चुकाना होगा।
- कमर्शियल वाहनों को अब भी मुख्य बिल्डिंग तक यात्रियों को छोड़ने के लिए 30 रुपये का चार्ज देना होगा।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का होगा चुनाव
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (DSGMC) के द्विवार्षिक चुनाव 25 जून को आयोजित किए जाएंगे। कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने साफ कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण होगी और शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब में आयोजित प्रेस वार्ता में कालका ने बताया कि ये चुनाव गुरुद्वारा चुनाव निदेशक और उपराज्यपाल के निर्देश पर कराए जा रहे हैं। इस दौरान कमेटी के अध्यक्ष, महासचिव और कार्यकारी समिति के सदस्य चुने जाएंगे।
ये भी पढ़ें Delhi Weather: दिल्लीवालों को कब तक झेलनी पड़ेगी गर्मी? जान लें मानसून आने में अभी और कितना समय












Click it and Unblock the Notifications