Delhi Weather: दिल्लीवालों को कब तक झेलनी पड़ेगी गर्मी? जान लें मानसून आने में अभी और कितना समय
Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अभी भी बारिश का इंतजार है। प्री-मानसून बारिश से तापमान में गिरावट हुई है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (Delhi-NCR) के निवासियों को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, मौसम में मौजूद उमस और गर्मी परेशान करने के लिए काफी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में मानसून दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में दस्तक दे सकता है।
मौसम विभाग (IMD) के अनुमान के मुताबिक, 24 जून को देश के बड़े हिस्से में मानसून पहुंच सकता है। बारिश का इंतजार मौसम बदलने के लिए ही नहीं बल्कि खरीफ की फसलों की बुआई के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।

Delhi Weather: जानें कैसा रहेगा अगले दो दिनों का मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून पहाड़ी प्रदेशों जैसे कि हिमाचल प्रदेश, लद्दाख और कश्मीर से आगे बढ़ चुका है। इन जगहों पर मानसून या तो आ चुका है या लगभग आने की कगार पर है। अब मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं। 24 जून को दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ हिस्सों और पश्चिम उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू के बाकी हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून आगे बढ़ सकता है।
यह भी पढ़ें: 1 जुलाई से दिल्ली में पुरानी कार या स्कूटर को नहीं मिलेगा पेट्रोल और डीजल, पकड़े गए तो लगेगा भारी जुर्माना
देश के इन हिस्सों में हो सकती है भारी बारिश
पश्चिम भारत, मध्य प्रदेश, गुजरात और कोंकण और गोवा में 22 से 26 जून के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इसे देखते हुए इन इलाकों में स्थानीय प्रशासन की ओर से भी भी लोगों को यात्रा के दौरान, गाड़ी चलाते हुए और मछुआरों के समुद्री किनारों के पास जाने को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। 23-24 जून को इन सभी इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा बाढ़ के संकट से जूझ रहे पूर्वोत्तर के राज्यों को राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। अगले 4 दिनों तक असम, मेघालय, मणिपुर, सिक्किम और नगालैंड में भारी बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें: बिहार में नक्सलियों को ड्रोन सप्लाई करने वाला दिल्ली से गिरफ्तार, कई आपत्तिजनक दस्तावेज़ बरामद, क्या है मामला?












Click it and Unblock the Notifications