गायब छात्र नजीब की बहन ने कहा- नजीब को बदनाम ना करे दिल्ली पुलिस
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय का छात्र नजीब अहमद बीते 25 दिनों से गायब है।
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से गायब छात्र नजीब अहमद की मां फातिमा और भाई मुजीब ने मंगलवार को केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर पहुंच कर उनसे मुलाकात की।
इस दौरान राजनाथ सिंह ने आश्वासन दिया कि नजीब की तलाश के लिए सही कदम उठाए जाएंगे।
बता दें कि बीते महीने 14-15 अक्टूबर को हॉस्टल प्रतिनिधि के लिए चुनाव की कैंपेनिंग के दौरान नजीब की अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य छात्रों के साथ कथित तौर पर मारपीट हो गई थी।
जिसके बाद से ही वो गायब हो गया। बीते 25 दिन से नजीब के मां, बहन और भाई विश्वविद्यालय परिसर में ही हैं।उनका आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन उन लोगों को बचाने में जुटा हुआ है जिन्होंने नजीब पर हमला किया था।

वहीं नजीब की बहन सदफ ने कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि दिल्ली पुलिस सही रास्ते पर काम करेगी और नजीब को बेइज्जत करने की कोशिश नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि कृपा कर के नजीब को बदनाम न करें। वो अच्छा पढ़ने वाला छात्र था। जरूरत है कि दिल्ली पुलिस सही दिशा में काम करे।
पुलिस ने कहा
मामले पर ज्वाइंट सीपी दक्षिण पश्चिम दिल्ली दीपेंद्र पाठक ने कहा कि नजीब की तलाश के लिए 8 टीमें लगाई गई हैं और उसे ढूंढ़ निकालने के लिए सारे रास्तों पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हम इस बात की उम्मीद कर सकते हैं कि नजीब जल्द ही मिल जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications