'ईमानदारी-निष्ठा मेरे संस्कार...', मनीष सिसोदिया ने मंत्री पद से दिया इस्तीफा, CM केजरीवाल को लिखा भावुक पत्र
Manish Sisodia Resigns Minister Post: दिल्ली की शराब नीति मामले में गिरफ्तार मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तीन पन्नों का इस्तीफा भेजा है।

Manish Sisodia Resigns Minister Post: दिल्ली की शराब नीति मामले में गिरफ्तार मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तीन पन्नों का इस्तीफा भेजा है। उन्होंने सीएम केजरीवाल को बहुत ही भावुक चिट्ठी लिखी है।
उन्होंने अपने पत्र में लिखा कि मैं इसे अपना बहुत बड़ा सौभाग्य समझता हूं कि मुझे आपके नेतृत्व में लगातार आठ वर्षों तक दिल्ली सरकार में मंत्री के रूप में कार्य करने का अवसर मिला। मुझे खुशी है कि पिछले आठ साल में दिल्लीवासियों की जिंदगी में खुशहाली और समृद्धि लाने का जो काम आपके नेतृत्व में हुआ है, एक मंत्री के नाते मुझे भी उसमें थोड़ी बहुत भूमिका निभाने का अवसर मिला है। विशेषकर शिक्षा मंत्री के रूप में मिली जिम्मेदारी, पिछले जन्मों का कुछ पुण्य रहा होगा। जिनके फलस्वरूप मुझे इस जन्म में मां सरस्वती की सेवा का ऐसा महान अवसर मिला।
Recommended Video

दिल्ली के लोग अच्छी तरह जानते हैं कि पिछले आठ वर्षों के दौरान एक मंत्री के रूप में मैंने अपना कार्य पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया है। मेरे स्वर्गीय पिता ने मुझे अपना काम हमेशा ईमानदारी और निष्ठा के साथ पूर्ण करने की शिक्षा दी थी। जब मैं छठी क्लास में पढ़ता था तो मेरे पिता ने मुझे भगवान कृष्ण की एक बहुत ही सुंदर सी तस्वीर फ्रेम कराकर मेरे विस्तर के सामने लगाई थी और कहा था कि मैं रोजाना उठकर सबसे पहले भगवान कृष्ण को प्रणाम किया करूं, इस तस्वीर में उन्होंने अपनी तरफ से नीचे एक वाक्य लिखा था- अपने काम को ईमानदारी और निष्ठा से पूर्ण करना ही सच्ची कृष्ण पूजा है।
छठी क्लास से 12वीं क्लास तक पढ़ने के दौरान लगातार सात साल तक रोजाना सुबह उठते ही मेरी नजर सबसे पहले उस तस्वीर पर ही जाती और मैं अपने पिता के लिखे हुए उस शिक्षा वाक्य को पढ़ता रहा, आज मुझे लगता है कि मेरे पिता ने बहुत सोच समझकर वह काम किया होगा। मेरे माता-पिता द्वारा किए गए ऐसे लालन-पालन की बदौलत आज ईमानदारी और निष्ठा मेरे संस्कार में है। दुनिया की कोई ताकत ना मुझसे बेईमानी करा सकती है और ना ही अपने कामके प्रति मेरी निष्ठा कम कर सकती है, यहां तक कि आज अगर मैं खुद भी चाहूं तो भी ना तो किसी काम में बेईमानी कर सकता हूं और ना ही किसी काम से जी चुरा सकता हूं।
यह भी पढ़ें- मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन ने दिल्ली सरकार के मंत्रिमंडल से दिया इस्तीफा












Click it and Unblock the Notifications