Mai Delhi Hoon: 'फैशन के साथ पॉकेट का ख्याल', ये हैं दिल्ली के 5 सबसे सस्ते बाजार, जहां लगता है लोगों का मेला
Mai Delhi Hoon (मैं दिल्ली हूं) News: दिल्ली से जुड़ी बेहद खास बातें (वनइंडिया की खास पेशकश)
'10 किलो के आलू के साथ जब तक फ्री की धनिया-मिर्चा ना मिले तब तक भारतीयों को लगता ही नहीं कि उन्होंने सब्जी खरीदी है', ये कहना हमारा नहीं बल्कि मशहूर हास्य सम्राट सुरेंद्र शर्मा का है।
'एक के साथ एक फ्री की बात यहां हो रही'
जिन्होंने एक कवि सम्मेलन में कहा था कि 'अस्पताल से ज्यादा अगर कहीं आपको भीड़ दिखे तो समझ लीजिए मामला वहां सेल का है और जरूर एक के साथ एक फ्री की बात यहां हो रही है।'

इस मिजाज के लोगों से दिल्ली भी अछूती नहीं है, चलिए आज हम आपको बताते हैं दिल्ली के 5 सस्ती मार्केट के बारे में, जहां जमकर होता है मोल-भाव।
'भईया ये तो उस दुकान में 100 रु की मिल रही है..' (Mai Delhi Hoon)
इन मार्केट की गलियों में गुजरते वक्त अगर आपके कानों में आवाज पड़े कि 'भईया ये तो उस दुकान में 100 रु की मिल रही है और तुम यहां पर 200 में दे रहे हो', तो समझ जाइए कि आप बिल्कुल सही जगह पहुंच गए हैं। जिन मार्केट की हम यहां बात करेंगे उन दुकानों में आपको फैशन, एसेसरीज़, होम डेकोर और रोजमर्रा के सामान बेहद ही सस्ते दामों में मिलेंगे।
सरोजिनी नगर मार्केट (Mai Delhi Hoon)
सरोजिनी नगर बाजार दिल्ली का सबसे प्रसिद्ध सस्ता बाजार है। यहां आप ब्रांडेड कपड़ों से लेकर स्टाइलिश एसेसरीज़ तक सब कुछ बेहद सस्ते दामों पर पा सकते हैं। यहां पर फैशन ट्रेंड्स, स्ट्रीट शॉपिंग, ब्रांडेड कपड़ों की सेकेंड हैंड कलेक्शन की भरमार है। सबसे खास बात ये है कि यहां पर मोलभाव करने वालों में आपको स्कूली बच्चों से लेकर 70 साल के बुजर्ग भी दिखाई पड़ेंगे।
जनपथ मार्केट (Mai Delhi Hoon)
कनॉट प्लेस के पास स्थित जनपथ बाजार पर्यटकों और लोकल शॉपर्स दोनों के बीच बेहद लोकप्रिय है। यहां पर हैंडीक्राफ्ट आइटम्स, जंक ज्वेलरी, एथनिक वियर के सामान मिलते हैं। आपको यहां के छोटे कैफे में चाय का लुत्फ उठाते हुए लोग अपने दोस्तों संग गप्पे हांकते नजर आएंगे, खास बात ये है कि यहां पूरे सप्ताह भारी भीड़ रहती है।
लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट (Mai Delhi Hoon)
यह बाजार फैशन प्रेमियों के लिए स्वर्ग है। यहां आप सस्ते दामों पर लेटेस्ट डिजाइन वाले कपड़े और जूतों की खरीदारी कर सकते हैं। शादी या त्योहार के लिए अगर आपको शॉपिंग करनी है तो यकीन मानिए ये जगह बेस्ट है।
कमला नगर मार्केट (Mai Delhi Hoon)
दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रों के बीच फेमस कमला नगर मार्केट फैशनेबल और किफायती शॉपिंग के लिए जाना जाता है। यहां पर जमकर आपको कॉलेज के लड़के- लड़कियों की फौज दिखाई देगी। इसे 'यूथ लवर मार्केट' भी कहा जाता है।
चांदनी चौक (Mai Delhi Hoon)
पुरानी दिल्ली का चांदनी चौक अपनी पारंपरिक खरीदारी के लिए मशहूर है। यहां शादी के कपड़े, ज्वेलरी और मसाले किफायती दामों पर मिलते हैं। कहते हैं कि दिल्ली गए और चांदनी चौक नहीं देखा तो फिर क्या देखा। यहां आपको हर तरह के कपड़े और ज्वैलरी मिल जाएगी।
पानी-पूरी और चाट के ठेलों पर भी काफी भीड़ देखी जाती है...
इसके अलावा इन बाजारों में पानी-पूरी और चाट के ठेलों पर भी काफी भीड़ देखी जाती है, इन जगहों पर महिलाओं और लड़कियों की संख्या ज्यादा नजर आती है तो वहीं इन बाजारों के कॉफी हाउस में आपको राजनीति के जानकारों की फौज भी दिखेगी, जहां वो देश-दुनिया की सारी परेशानियां कॉफी की एक सिप के साथ मिनटों में सुलझाते नजर आएंगे।
तो ये है हमारी दिल्ली की कुछ खास चटपटी बातें, आज के सेगमेंट में बस इतना ही.... फिर हाजिर होंगे कुछ और रोचक जानकारी के साथ।
आपको ये सेगमेंट कैसा लगा? कमेंट बॉक्स में जरूर बताएं।देश-दुनिया की तमाम जानकारी के लिए बने रहिए वनइंडिया हिंदी के साथ।
DISCLAIMER: यह सूचना इंटरनेट पर उपलब्ध मान्यताओं और सूचनाओं पर आधारित है। वनइंडिया लेख से संबंधित किसी भी इनपुट या जानकारी की पुष्टि नहीं करता है।












Click it and Unblock the Notifications