'तुम्हारी जुर्रत कैसे हुई', ST कर्मचारी को जामिया प्रोफेसर ने पीटा, जबरन धर्म परिवर्तन कराने की कोशिश का आरोप
Jamia Millia in controversy: जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय एक बार फिर विवादों में है। अनुसूचित जनजाति (ST) के कर्मचारी राम फूल मीणा ने सिविल इंजीनियरिंग विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रियाजुद्दीन पर जातिगत दुर्व्यवहार और शारीरिक हमले का सनसनीखेज आरोप लगाया है। पॉलिटेक्निक विभाग में अपर डिवीजन क्लर्क के पद पर तैनात मीणा ने अपनी लिखित शिकायत एसीपी सरिता विहार को सौंपी है।
शिकायत के अनुसार, यह विवाद डॉ. रियाजुद्दीन के खिलाफ छात्रों से दुर्व्यवहार से जुड़े एक वायरल वीडियो के बाद शुरू हुआ। राम फूल मीणा का उस शिकायत से सीधा संबंध न होने पर भी उन्हें कथित तौर पर निशाना बनाया गया। मीणा ने आरोप लगाया कि 13 जनवरी 2026 को प्रोफेसर उनके डेस्क पर आए और उन्हें आपत्तिजनक व अभद्र शब्द कहे।

मुसलमानों के संस्थान में रहकर जुरैत कैसे की?
मामला 16 जनवरी 2026 को तब और गंभीर हुआ, जब डॉ. रियाजुद्दीन ने मीणा के ऑफिस में कथित तौर पर हमला किया। शिकायत में मीणा ने बताया कि प्रोफेसर ने जातिसूचक गालियां देते हुए कहा, "तुम्हारी औकात कैसे हुई कि तुम मेरे खिलाफ शिकायत करो? तुम आदिवासी जंगली हो, मुसलमानों के इदारे (संस्थान) में रहकर मेरे खिलाफ शिकायत करने की जुर्रत कैसे की?"
"काफिर" कहकर अपमानित किया
इस हमले में मीणा के होंठ फट गए और आँख के नीचे सूजन आ गई, जिसका इलाज उन्हें विश्वविद्यालय के अंसारी स्वास्थ्य केंद्र में कराना पड़ा। उन्होंने अपनी शिकायत में यह भी दावा किया है कि हिंदू और आदिवासी पहचान के कारण उन्हें परिसर में कई लोगों द्वारा "काफिर" कहकर लक्षित व अपमानित किया जा रहा है।
मामला दर्ज होते ही कार्रवाई के बजाय कर दिया तबादला
हैरान करने वाली बात यह रही कि रजिस्ट्रार कार्यालय में मीणा की शिकायत दर्ज होते ही, उसी दिन यानी 16 जनवरी को उनका तबादला आदेश जारी कर दिया गया। मीणा ने इस कदम को "दंडात्मक कार्रवाई और सच दबाने की कोशिश" बताया है। इस बीच, दिल्ली पुलिस सूत्रों ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए जांच जारी होने की जानकारी दी है।

क्लासरूम में छात्र को लातों से मारते हुए वीडियो हुआ वायरल?
इधर, डॉ. रियाजुद्दीन का एक अन्य वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें वे क्लासरूम में एक छात्र को लात मारते दिख रहे हैं। इस घटना को लेकर कई लोग सवाल उठा रहे हैं। राम फूल मीणा की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। हालांकि, आरोपी प्रोफेसर की ओर से अभी तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।












Click it and Unblock the Notifications