'ये हमें जेल भेजेंगे, हम इन्हें स्कूल भेजेंगे', अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ने पीएम मोदी पर कसा तंज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब गुजरात में मिशन स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत की, तो आम आदमी पार्टी ने ट्वीट कर पीएम मोदी और भाजपा पर तीखा हमला बोला।
गुजरात विधानसभा चुनाव (gujarat assembly election): गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भले ही तारीखों का ऐलान अभी ना हुआ हो, लेकिन सियासी पारा चढ़ने लगा है। गुजरात में चुनाव प्रचार जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच जुबानी जंग भी तेज होती जा रही है। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब गुजरात में मिशन स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत की, तो आम आदमी पार्टी ने ट्वीट कर पीएम मोदी और भाजपा पर तीखा हमला बोला।

दरअसल मिशन स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत के दौरान पीएम मोदी क्लासरूम में बच्चों के बीच जाकर बैठे। इसके बाद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी और दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की तस्वीरों का कोलाज शेयर करते हुए तंज कसा। अरविंद केजरीवाल ने जो तस्वीरें शेयर कीं, उनमें क्लासरूम के अंदर मनीष सिसोदिया के साथ करीब 20 बच्चे बैठे थे, जबकि पीएम मोदी के साथ महज 5 बच्चे ही बैठे हुए दिखाई दिए। अरविंदर केजरीवाल ने हालांकि तस्वीरों के साथ कोई कैप्शन नहीं लिखा, लेकिन उनके ट्वीट से साफ था कि उन्होंने पीएम मोदी पर तंज कसा है।
'ये हमें जेल भेजेंगे, हम इन्हें स्कूल भेजेंगे'
इसके बाद दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधने में पीछे नहीं रहे। मनीष सिसोदिया ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'ये हमें जेल भेजेंगे, हम इन्हें स्कूल भेजेंगे।' आपको बता दें कि दिल्ली शराब नीति में कथित घोटाले को लेकर मनीष सिसोदिया इन दिनों सीबीआई के रडार पर हैं। 17 अक्टूबर को सीबीआई ने मनीष सिसोदिया से करीब 9 घंटे तक पूछताछ की थी। पूछताछ के बाद मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि सीबीआई की ये पूछताछ दिल्ली में ऑपरेशन लोटस को कामयाब करने की साजिश का एक हिस्सा है।












Click it and Unblock the Notifications