Delhi: मनीष सिसोदिया ने कोर्ट से मांगी अंतरिम जमानत, पत्नी की तबीयत का दिया हवाला
दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत मांगी है। पत्नी सीमा सिसोदिया के अपोलो अस्पताल में एडमिट होते ही मनीष सिसोदिया ने कोर्ट से यह मांग की है।

दिल्ली शराब घोटाला मामले में तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय से अंतरिम जमानत मांगी है। उन्होंने पत्नी के स्वास्थ्य के लिए चिकित्सा आधार का हवाला दिया है। वहीं, कोर्ट ने भी इस मामले में सीबीआई को नोटिस जारी किया था। दरअसल, मनीष सिसोदिया की पत्नी सीमा सिसोदिया की तबीयत बिगड़ते ही अपोलो अस्पताल में एडमिट कराया गया। उनका इलाज जारी है। ऐसे में मनीष सिसोदिया ने पत्नी की इस विकट स्थिति में साथ रहने का आग्रह कोर्ट से किया है।
आपको बता दें कि दिल्ली की एक ट्रायल कोर्ट ने 31 मार्च को सिसोदिया की जमानत याचिका खारिज कर दी थी। आदेश में विशेष सीबीआई जज एमके नागपाल ने कहा था कि प्रथम दृष्टया पूर्व आबकारी मंत्री ने कथित दिल्ली आबकारी नीति घोटाले में आपराधिक साजिश में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
26 फरवरी को CBI तो ईडी ने 9 मार्च को किया था गिरफ्तार
सिसोदिया को सीबीआई ने 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद ईडी ने उन्हें 9 मार्च को गिरफ्तार किया था। आरोप लगाया गया है कि सिसोदिया और आम आदमी पार्टी (आप) के अन्य सदस्यों ने रिश्वत के बदले कुछ व्यापारियों को शराब का लाइसेंस देने के लिए मिलीभगत की। एजेंसियों ने दावा किया कि आबकारी नीति में बदलाव किया गया और लाभ मार्जिन को इस तरह से बदला गया, जिससे कुछ व्यापारियों को लाभ हुआ और इसके बदले रिश्वत प्राप्त हुई।












Click it and Unblock the Notifications