दिल्ली में कांग्रेस के होर्डिंग्स हटाने पर पूर्व MLA ने SDMC कर्मियों को बेंत से पीटा, मुर्गा भी बनाया
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के ओखला इलाके में कांग्रेस के पूर्व विधायक मोहम्मद आसिफ खान द्वारा की गई मारपीट का एक वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो में मोहम्मद आसिफ दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) के कर्मचारियों को बेरहमी से पीटते और गाली देते हुए दिख रहे हैं। बताया जा रहा है कि, कर्मचारियों ने उनके घर के बाहर लगे होर्डिंग और पोस्टर हटाए थे, इससे मोहम्मद खफा हो गए। उन्होंने बेंत लेकर एसडीएमसी कार्यकर्ताओं को मारा।

कांग्रेस के पूर्व विधायक हैं मोहम्मद आसिफ खान
इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस ओखला इलाके में कांग्रेस के पूर्व विधायक मोहम्मद आसिफ खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि, "हम एक वायरल वीडियो के संबंध में मोहम्मद के खिलाफ मामला दर्ज कर रहे हैं, जिसमें उन्हें कुछ लोगों के साथ दुर्व्यवहार करते देखा गया, जिन्होंने उनके घर के बाहर पोस्टर हटाया था।"

बोले- मुझे नहीं पता वे कौन थे
हालांकि, कांग्रेस के पूर्व विधायक मोहम्मद आसिफ खान ने कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि वे एसडीएमसी के कर्मचारी थे। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि वे कौन थे। मुझे घटना के बारे में एसडीएमसी से कोई कॉल या संदेश नहीं मिला है।"

एसडीएमसी कार्यकर्ताओं को बेंत से मारते नजर आए
घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया, जिसमें मोहम्मद खान को कथित तौर पर डंडे से चार लोगों को पीटते हुए और उन्हें कान पकड़कर बैठने का निर्देश देते हुए दिखाया गया है। अपना बचाव करते हुए खान बोले, 'मैंने देखा कि काफी समय से ओखला इलाके में उनके द्वारा लगाए गए होर्डिंग्स को तुरंत हटा दिया जाता है, जबकि आप के एक स्थानीय विधायक और नगर निगमों के होर्डिंग अछूते रहे। मुझे इस पर गुस्सा आ गया।'

होर्डिंग्स हटाने पर गुस्सा हुए आसिफ खान
कांग्रेस के पूर्व विधायक मोहम्मद आसिफ खान ने उपरोक्त घटनाक्रम के बारे में कहा, "मैंने देखा कि कुछ लोग ओखला में घर के पास कांग्रेस पार्टी के होर्डिंग और पोस्टर हटा रहे थे। जब मैंने सवाल किया कि उन्होंने अन्य पार्टियों के पोस्टर और होर्डिंग क्यों नहीं हटाए, तो उन्होंने जवाब नहीं दिया। मैंने उन्हें सिर्फ सबक सिखाया। मुझे नहीं पता कि वे कौन थे।, "

एसडीएमसी ने कहा- कार्रवाई करेंगे
वहीं, इस घटना के बारे में एसडीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि जिन लोगों का "अपमान" किया गया है, वे नागरिक निकाय के कर्मचारी हैं। अधिकारी ने कहा, "मामले पर उपायुक्त मध्य क्षेत्र के साथ चर्चा की गई है। और अब, क्षेत्रीय अधिकारियों द्वारा उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।"

नगर निगम का प्रकोष्ठ है SDMC
बता दिया जाए कि, दिल्ली में अनाधिकृत विज्ञापन सामग्री और अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम का प्रकोष्ठ काम करता है। अब जो वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कांग्रेस के पूर्व विधायक मोहम्मद आसिफ खान जिसे पीटते दिख रहे हैं, वे इसी प्रकोष्ठ के कर्मचारी बताए जा रहे हैं।
गाली-गलौज करते हुए भी दिखे
कांग्रेस के पूर्व विधायक द्वारा लगाए गए होर्डिंग और पोस्टर हटाने पर कथित तौर पर उनसे गाली-गलौज करते हुए वीडियो में देखा जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications