दिल्ली में मई 2022 तक मिलेगा मुफ्त राशन, केजरीवाल सरकार ने 6 महीने के लिए बढ़ाई योजना
नई दिल्ली, 06 नवंबर। दिल्लीवालों के लिए बड़ा राहत भरा फैसला लेते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को मुफ्त राशन देने की अपनी योजना को छह महीने के लिए और बढ़ा दिया है। घोषणा के मुताबिक अब मई, 2022 तक दिल्ली में मुफ्त राशन दिया जाएगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार राष्ट्रीय राजधानी में मुफ्त राशन वितरण योजना को छह महीने के लिए बढ़ा रही है। वहीं, दिल्ली सरकार यह फैसला केंद्र के ऐलान के एक दिन बाद आया है जिसमें कहा गया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएम-जीकेएवाई) के तहत मुफ्त खाद्यान्न की आपूर्ति बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं है।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने मुफ्त राशन योजना की समय-सीमा को बढ़ाने की जानकारी ट्वीट कर दी। उन्होंने लिखा,
महंगाई बहुत ज़्यादा हो गई है। आम आदमी को दो वक्त की रोटी भी मुश्किल हो रही है। कोरोना की वजह से कई बेरोज़गार हो गए। प्रधानमंत्री जी, ग़रीबों को मुफ़्त राशन देने की इस योजना को कृपया छः महीने और बढ़ाया जाएष दिल्ली सरकार अपनी फ़्री राशन योजना छः महीने के लिए बढ़ा रही है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली सरकार ने वायु प्रदूषण को रोकने के लिए शुरू किया पानी का छिड़काव, 92 निर्माण स्थलों पर लगा प्रतिबंध
गौरतलब है कि शुक्रवार को खाद्य सचिव सुधांशु पांडेय ने बताया कि 'OMSS नीति के तहत खुले बाजार में खाद्यान्न के अच्छे निपटान और अर्थव्यवस्था में सुधार को देखते हुए केंद्र के पास प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के माध्यम से मुफ्त राशन वितरण को 30 नवंबर से आगे बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। चूंकि अर्थव्यवस्था भी फिर से पटरी पर आ रही है और हमारी OMSS (ओपन मार्केट सेल स्कीम) खाद्यान्न का निपटान भी इस वर्ष असाधारण रूप से अच्छा रहा है। इसलिए, पीएमजीकेएवाई का विस्तार करने का कोई प्रस्ताव नहीं है।' केंद्र के इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम केजरीवाल ने पीएम मोदी से फ्री राशन योजना को और आगे बढ़ाने का आग्रह किया साथ ही दिल्लीवालों के लिए बड़ा ऐलान किया। सीएम अरविंद केजरीवाल ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर केंद्र की मुफ्त राशन योजना को छह महीने के लिए बढ़ाने का अनुरोध भी किया है।












Click it and Unblock the Notifications