Delhi Weather: दिल्ली में अचानक बदला मौसम, तेज आंधी-बारिश से 2 की मौत! उड़ानें डायवर्ट,कई इलाकों में बिजली गुल
Delhi Weather: दिल्ली में बुधवार शाम को मौसम अचानक ऐसा बदला कि पूरे शहर में हड़कंप मच गया। तेज हवाएं, जोरदार बारिश और ओलावृष्टि ने राजधानी की रफ्तार थाम दी। सड़कों पर गाड़ियां फंस गईं, पेड़ धराशायी हो गए, बिजली गुल हो गई और कई जगहों पर जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
सबसे चिंताजनक बात यह रही कि इन घटनाओं में दो लोगों की जान चली गई, जबकि कई घायल हुए। बारिश और तूफान ने जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी ओर मौत और नुकसान भी साथ लाया। दिल्लीवासियों के लिए यह मौसम राहत नहीं बल्कि आफत बनकर आया।

बारिश के कारण दो लोगों की मौत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम अलग-अलग हादसों में एक 22 वर्षीय युवक और एक दिव्यांग व्यक्ति की मौत हो गई। दोनों घटनाएं तेज आंधी और पेड़ गिरने जैसी प्राकृतिक वजहों से जुड़ी थीं। इसके अलावा कम से कम 11 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
ये भी पढ़ें: Weather Forecast: दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, IMD ने जारी किया कहीं बारिश कहीं हीट वेव का अलर्ट
पेड़ गिरने से सड़कें जाम
तेज हवाओं और बारिश की वजह से दिल्ली की कई सड़कों पर पेड़ गिर गए। इससे ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया। खासतौर पर दिल्ली-नोएडा, दिल्ली-गाजियाबाद और दिल्ली-गुरुग्राम के रूट बुरी तरह प्रभावित हुए। सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें चलते वाहनों पर पेड़ गिरते दिख रहे हैं। मथुरा रोड पर खड़ी एक कार पर भी पेड़ गिर गया।
उड़ानों पर असर, 13 फ्लाइट्स डायवर्ट
तेज बारिश और ओलावृष्टि का असर हवाई सफर पर भी पड़ा। दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली कम से कम 13 फ्लाइट्स को अन्य शहरों में डायवर्ट करना पड़ा। इनमें 12 फ्लाइट्स को जयपुर और एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट को मुंबई भेजा गया। कई उड़ानें घंटों देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कई इलाकों में बिजली गुल, BSES की पुष्टि
तूफान और बारिश से बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई। BSES के अनुसार, शहर के कई हिस्सों में पेड़ और शाखाएं गिरने से बिजली की लाइनें टूट गईं। खासकर उत्तर दिल्ली के बवाना, नरेला, जहांगीरपुरी, सिविल लाइंस, शक्ति नगर, मॉडल टाउन, वज़ीराबाद और धीरपुर जैसे इलाकों में बुधवार देर शाम से बिजली आपूर्ति ठप रही।
प्रशासन ने की लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन और मौसम विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि मौसम की गंभीरता को देखते हुए घरों में रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक इसी तरह की स्थिति बने रहने की संभावना जताई है।
ये भी पढ़ें: IndiGo flight: इंडिगो की दिल्ली-श्रीनगर फ्लाइट ओलों में फंसी, आगे का हिस्सा टूटा, 227 यात्री कर रहे थे सफर












Click it and Unblock the Notifications