Delhi Traffic: स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली में बदले कई ट्रैफिक रूट, 15 अगस्त को कौन से रास्ते रहेंगे बंद?
Delhi Traffic Advisory for Independence Day: स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से प्रधानमंत्री का संबोधन देशभर में जोश और गर्व का माहौल पैदा करता है, लेकिन इस खास दिन पर दिल्ली में सुरक्षा भी उतनी ही सख्त हो जाती है। राजधानी के कई रास्तों पर बैरिकेड, रूट डायवर्जन और गाड़ियों की आवाजाही पर रोक आम बात है। इस बार भी 15 अगस्त के मौके पर ट्रैफिक पुलिस ने एक विस्तृत योजना बनाई है, ताकि समारोह में आने वाले मेहमान, VIP और आम लोग सुरक्षित और समय पर पहुंच सकें।
अगर आप 15 अगस्त को दिल्ली में सफर करने की सोच रहे हैं, तो ये जानकारी आपके लिए बेहद जरूरी है, क्योंकि लाल किला, इंडिया गेट, छत्रसाल स्टेडियम और कई बड़े इलाकों में यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जाएंगे। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे 15 अगस्त की दोपहर तक लाल किला, इंडिया गेट और आसपास के रास्तों से बचें।

लाल किला के पास 14 अगस्त रात से बंद होंगे रास्ते
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार 14 अगस्त रात 12 बजे से लाल किला क्षेत्र में आम वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। यह पाबंदी 15 अगस्त की दोपहर तक लागू रहेगी। यहां केवल पासधारी वाहनों को ही आने-जाने की अनुमति होगी।
ये भी पढ़ें: 15 अगस्त के लिए दिल्ली मेट्रो की टाइमिंग में बड़ा बदलाव, फ्लाइट शेड्यूल भी हुआ चेंज, चेक करें लेटेस्ट अपडेट
कौन से रास्ते रहेंगे बंद?
- नेताजी सुभाष मार्ग पर दिल्ली गेट से छता रेल तक
- लोथियान रोड पर जीपीओ से छला रेल तक
- एसपी मुखर्जी मार्ग पर एचसी सेन मार्ग से यमुना बाजार चौक तक
- फव्वारा चौक से लाल किला तक
- राजघाट से आईएसबीटी तक एस्प्लेनेड रोड, नेताजी सुभाष मार्ग और रिंग रोड
- इंडिया गेट के आउटर सर्कल के कई हिस्सों में भी सुबह से वाहनों का आना-जाना बंद रहेगा।
बस और मालवाहक वाहनों पर पाबंदी
14 अगस्त की रात से 15 अगस्त की दोपहर तक निजामुद्दीन पुल और वजीराबाद पुल के बीच भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। सराय काले खां और महाराणा प्रताप आईएसबीटी के बीच अंतरराज्यीय बस सेवा भी इस दौरान निलंबित रहेगी।
उत्तर-दक्षिण रूट के लिए वाहन चालक अरविंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, कौटिल्य मार्ग और रानी झांसी रोड का इस्तेमाल कर सकते हैं। पूर्व-पश्चिम सफर के लिए एनएच-24, बारापुला रोड, एम्स फ्लाईओवर और रिंग रोड से होकर जाना होगा।
सुबह 4 बजे से चलेगी मेट्रो
एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या बस अड्डा जाने वाले यात्रियों को ट्रैफिक जाम से बचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है। इस दिन दिल्ली मेट्रो सभी लाइनों पर सुबह 4 बजे से चलेगी। 6 बजे तक ट्रेनें 30-30 मिनट के अंतराल पर और उसके बाद सामान्य समय के अनुसार चलेंगी।
छत्रसाल स्टेडियम के पास भी भीड़ और डाइवर्जन
दिल्ली सरकार का स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम छत्रसाल स्टेडियम में होगा। सुबह 6 बजे से आसपास की कई सड़कों पर प्रतिबंध रहेगा, जिनमें मॉल रोड, स्टेडियम रोड, भामा शाह रोड और ओल्ड जीटी करनाल रोड शामिल हैं। वैकल्पिक मार्ग के लिए जीटीबी नगर, मॉडल टाउन और आजादपुर का इस्तेमाल किया जा सकता है।
शोभा यात्रा और ताजिया जुलूस का असर
14 अगस्त को जन्माष्टमी शोभा यात्रा पहाड़गंज से निकलेगी, जिससे इलाके में ट्रैफिक धीमा रहेगा। इसी दिन ताजिया जुलूस अजमेरी गेट से शुरू होगा, जिसके कारण चेम्सफोर्ड रोड, अरकशान रोड और डीबीजी रोड पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: Delhi Power Cut: 14 अगस्त को दिल्ली में पावर कट अलर्ट, जानें किन इलाकों में रहेगी बिजली गुल












Click it and Unblock the Notifications