Delhi Today News: प्रदूषण की स्थिति गंभीर,घुसपैठियों के खिलाफ MCD शुरू करेगी अभियान,दिल्ली में आज क्या है खास?
Delhi Today News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत इस समय कड़ाके की ठंड की चपेट में है, साथ ही कुछ राज्यों में घने कोहरे का प्रकोप भी जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में बारिश से समस्या और बढ़ सकती है। बारिश के बाद ठंडी हवाओं के चलते दिल्ली में तापमान में और गिरावट हो सकती है, जिससे ठंड बढ़ेगी। इसके साथ ही, दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है।
दिल्ली में प्रदूषण का गंभीर स्तर, AQI 429
दिल्ली की वायु गुणवत्ता (AQI) लगातार चिंता का विषय बनी हुई है, जो सर्दियों के दौरान हवा की गति कम होने के कारण और अधिक गंभीर हो जाती है। वर्तमान में दिल्ली की वायु गुणवत्ता तीसरे चरण (गंभीर) के अंतर्गत है, जिसमें AQI 401 से 450 के बीच रहता है। शुक्रवार को दिल्ली में 24 घंटे का औसत AQI 429 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। इस गंभीर प्रदूषण से दिल्लीवासियों को सांस लेने में कठिनाई हो रही है।

चुनाव आयोग की बैठकें जारी, जनवरी में चुनाव की तारीखों की घोषणा
चुनाव आयोग ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कई महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की हैं। सूत्रों के मुताबिक, चुनाव की तारीखों की घोषणा 6 से 10 जनवरी के बीच हो सकती है। 24 दिसंबर तक मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य पूरा हो जाएगा, जिसके बाद चुनावी तैयारियां अंतिम रूप में पूरी की जाएंगी। आयोग ने अधिकारियों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं ताकि चुनावी प्रक्रिया में कोई रुकावट न आए।
दिल्ली और नोएडा के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने की जांच
दिल्ली के कई स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई है, साथ ही नोएडा के एक स्कूल को भी ऐसी धमकी मिली। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सुरक्षा जांच की। हालांकि, जांच के दौरान अधिकांश धमकियां झूठी पाई गईं। पुलिस ने बताया कि सभी स्कूलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और धमकी की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी रही। इससे पहले 13 दिसंबर को भी 30 से अधिक स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जो बाद में झूठी साबित हुई।
एमसीडी का बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान अभियान में शामिल होना
दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना के आदेश पर दिल्ली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे बांग्लादेशी घुसपैठियों की पहचान अभियान में अब एमसीडी भी शामिल हो गई है। इस कदम से पुलिस के अभियान को रफ्तार मिलेगी, क्योंकि जिन दस्तावेजों के सत्यापन में दिक्कत आ रही थी, उन्हें एमसीडी अपने स्तर पर सत्यापित कर सकेगी। इससे अभियान में और अधिक प्रभावशीलता आएगी।
यह भी पढ़ें MP News: मकान में लगी भीषण आग, पति पत्नी समेत बच्चों 4 लोगों की जलकर मौत, देवास की घटना
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा बिना मुख्यमंत्री के चेहरे के मैदान में उतरेगी
दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति लगभग तय कर ली है। पार्टी बिना किसी मुख्यमंत्री के चेहरे के चुनावी मैदान में उतरेगी। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक, पार्टी इस माह के अंत तक अपने उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप देने की तैयारी कर रही है। फिलहाल, पार्टी दिल्ली राज्य स्तर पर उम्मीदवारों के नामों पर विचार कर रही है, जिसके बाद इन नामों को केंद्रीय चुनाव समिति के सामने पेश किया जाएगा।
भाजपा चुनाव में भ्रष्टाचार और कुशासन के मुद्दों पर आम आदमी पार्टी का घेराव करने की योजना बना रही है। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में केवल 70 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होने हैं, इसलिए पार्टी एक ही बैठक में सभी उम्मीदवारों के नाम पर विचार कर लेगी। माना जा रहा है कि भाजपा चुनाव में सामूहिक नेतृत्व के तहत जाएगी और किसी एक चेहरे को मुख्यमंत्री के रूप में पेश नहीं किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications