Delhi Today: यमुना के पानी पर दिल्ली में घमासान जारी, AAP के पैम्फलेट के साथ शराब-कैश मिलने के बाद बढ़ा तनाव
Delhi Today: दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए केंद्र सरकार की वायु गुणवत्ता पैनल ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज-3 के तहत सख्त पाबंदियां लागू कर दी हैं। यह फैसला बुधवार (29 जनवरी 2025) को लिया गया।
दिल्ली में हवा की गुणवत्ता तेजी से बिगड़ रही है। शांत हवाएं, स्मॉग और कम ऊंचाई पर वायु मिश्रण के कारण प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। बुधवार शाम 4 बजे दिल्ली का 24 घंटे का औसत AQI 365 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। इस स्थिति को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने GRAP के स्टेज-3 को लागू करने का फैसला किया।

'पंजाब सरकार' लिखी गाड़ी से नकदी और शराब बरामद
दिल्ली पुलिस ने बुधवार रात एक वाहन को पकड़ा, जिस पर 'पंजाब सरकार' लिखा हुआ था। यह गाड़ी पंजाब भवन के पास, कूपरनिकस मार्ग पर मिली, जिसमें नकदी, शराब की बोतलें और आम आदमी पार्टी (AAP) के पर्चे पाए गए। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें: Delhi Election: चुनाव में 'पैसे और शराब' का खेल! AAP के पैम्फलेट के साथ दिल्ली में पकड़ी गई पंजाब सरकार की गाड़ी
यह वाहन फ्लाइंग स्क्वॉड की टीम ने पकड़ा, जो चुनावी आचार संहिता के उल्लंघन पर नजर रखती है। फ्लाइंग स्क्वॉड चुनाव के दौरान अवैध धन, शराब, हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्रियों पर कार्रवाई करता है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, "जांच के दौरान वाहन में 10 लाख रुपये नकद, शराब की कई बोतलें और AAP से जुड़ा प्रचार सामग्री बरामद हुई।"
दिल्ली में चुनाव प्रचार तेज
दिल्ली में 5 फरवरी को विधानसभा चुनाव होने हैं और इसके मद्देनजर सभी पार्टियां जोर-शोर से प्रचार में जुटी हैं। बुधवार को केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता नितिन गडकरी ने मटियाला विधानसभा क्षेत्र में प्रचार किया।
गडकरी ने दिल्ली में इन्फ्रास्ट्रक्चर सुधारों को लेकर केंद्र सरकार की योजनाओं का ज़िक्र किया और बताया कि दिल्ली में 65 हजार करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। उन्होंने जनता से बीजेपी को वोट देने की अपील की।
'AAP और BJP झूठों के सरदार' - खड़गे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने AAP और BJP को "झूठों के सरदार" बताते हुए कहा कि दोनों पार्टियां दिल्ली में जनता की भलाई के लिए कुछ नहीं कर रहीं।
खड़गे ने आरोप लगाया कि AAP और BJP केवल झूठे वादे करती हैं और दिल्ली की जनता के असली मुद्दों को हल करने में विफल रही हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां मिलकर कांग्रेस को दिल्ली की सत्ता से दूर रखने की साजिश कर रही हैं।
दिल्ली के पानी संकट पर आतिशी और LG आमने-सामने
दिल्ली के पानी संकट को लेकर मुख्यमंत्री आतिशी और उपराज्यपाल (LG) वीके सक्सेना के बीच टकराव जारी है। आतिशी ने LG को पत्र लिखकर कहा कि या तो वह अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभाएं या फिर पद छोड़ दें। इससे पहले LG सक्सेना ने आतिशी को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि वह और अरविंद केजरीवाल हरियाणा सरकार पर गलत आरोप लगाकर जनता को भड़काने की कोशिश कर रहे हैं।
आतिशी ने जवाबी पत्र में कहा कि LG ने खुद माना है कि दिल्ली के पानी में अमोनिया का स्तर तय सीमा से 700% ज्यादा है, फिर भी उन्होंने इस मुद्दे पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने LG पर आरोप लगाया कि "अगर आपको सच में दिल्ली की जनता की चिंता होती, तो आप हरियाणा सरकार को इस संकट के लिए जिम्मेदार ठहराते। लेकिन आपने जनता की भलाई के बजाय हमें निशाना बनाया।"
दिल्ली चुनाव से पहले राजनीतिक घमासान तेज
जैसे-जैसे दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीख नज़दीक आ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक माहौल गरमा रहा है। बीजेपी, AAP और कांग्रेस के नेता एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। अब देखना होगा कि दिल्ली की जनता 5 फरवरी को किसे सत्ता की चाबी सौंपती है।
ये भी पढ़ें: Weather News: दिल्ली में फिर कड़ाके की ठंड? 11 राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी, जानें कहां बारिश का अलर्ट?












Click it and Unblock the Notifications