कोरोना नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, दिल्ली की सरोजिनी मार्केट सील
नई दिल्ली, 18 जुलाई: अप्रैल-मई में पूरे देश ने कोरोना की दूसरी लहर का सामना किया। उस दौरान ना तो अस्पतालों में बेड थे, ना ही ऑक्सीजन और जीवन रक्षक दवाइयां। हालांकि सरकार की तमाम कोशिशों के बाद हालात सुधर गए। जिस वजह से पाबंदियों में ढील दी गई, लेकिन लोग सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। इसके चलते प्रशासन ने दिल्ली के मशहूर सरोजिनी नगर एक्सपोर्ट मार्केट को बंद करने का फैसला लिया है, वहां पर कई दिनों से लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे थे।
Recommended Video

दरअसल जब सरकार ने अनलॉक शुरू किया था, तो मार्केट को भी खोलने का आदेश जारी किया था, लेकिन सभी के लिए सोशल डिस्टेंसिंग, मास्क आदि के नियम लागू किए गए। इसके बावजूद कई दिनों से शिकायतें मिल रही थीं कि वहां पर नियमों का जमकर उल्लंघन हो रहा है। जिस पर प्रशासन ने सरोजिनी नगर एक्सपोर्ट मार्केट को पूरी तरह से बंद करने का आदेश दिया, जो रविवार से लागू हो जाएगा। ये बंदी कब तक रहेगी, इसके संबंध में कुछ भी नहीं कहा गया है। इससे पहले जनपथ मार्केट को सील किया गया था।
बड़ी मुश्किल से सुधरे हालात
अप्रैल में दिल्ली ने कोरोना की भयानक लहर का सामना किया था। उस दौरान 20 अप्रैल को 28 हजार से ज्यादा मामले सामने आए थे। हालांकि अब सब कुछ सामान्य हो चुका है। पिछले 24 घंटों में राजधानी के अंदर सिर्फ 59 नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा 91 मरीजों ने वायरस को मात दी। ऐसे में दिल्ली में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 14,35,478 हो गई है। जिसमें केवल 621 एक्टिव केस हैं।












Click it and Unblock the Notifications