कोविड प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर केजरीवाल ने जताई नाराजगी, कहा- कोरोना कंट्रोल में है, खत्म नहीं हुआ
नई दिल्ली, नवंबर 03। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने त्यौहारी सीजन के दौरान लोगों की लापरवाही पर चिंता जाहिर की है। दरअसल, अरविंद केजरीवाल ने एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि दिल्ली में अभी कोरोना काबू में है, उसका खतरा काफी कम हो गया है, लेकिन इस दौरान लोगों ने सावधानी बरतना छोड़ दिया है, जो वाकई चिंता की बात है। केजरीवाल ने कहा कि फेस्टिव सीजन में बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है, जहां कोविड प्रोटोकॉल तोड़े जा रहे हैं। लोग बिना मास्क के नजर आ रहे हैं, ये हैरानी वाली बात है, मैं सभी से फेस मास्क पहनने की अपील करता हूं।

Recommended Video
डेंगू की रोकथाम के लिए काम कर रही है सरकार- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने इस दौरान दिल्ली में बढ़ रहे डेंगू के खतरे पर भी चिंता जाहिर की। सीएम ने कहा कि हम डेंगू की रोकथाम के लिए लगातार काम कर रहे हैं, आप भी अपने-अपने घरों में सावधानी बरतें, रुके हुए पानी के सभी स्रोतों को हटाकर हम डेंगू को रोक सकते हैं।
सीएम ने की कारोबारी जगत के लिए बड़ी घोषणा
आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल बुधवार को कारोबारी जगत के लिए एक बड़ी घोषणा करने के लिए मीडिया के सामने आए थे। दरअसल, सीएम ने बताया कि दिल्ली सरकार अपने व्यवसायिओं, उद्योगपतियों और पेशेवरों के लिए एक वेब पोर्टल तैयार कर रही है। इस पोर्टल के तैयार हो जाने के बाद दिल्ली की हर बड़ी मार्केट का सामान दुनियाभर में बेचा जा सकेगा। अरविंद केजरीवाल ने बताया कि इस पोर्टल को 'दिल्ली बाजार' के नाम से तैयार किया जा रहा है।
दिल्ली के कारोबारियों और व्यापारियों को होगा फायदा
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि इस पोर्टल के बन जाने के बाद पूरी दुनिया में दिल्ली का सामान बिकेगा। केजरीवाल ने कहा कि हम अपने दिल्ली के कारोबारी, उद्योगपतियों, व्यापारियों का कारोबार बढ़ाने के लिए इस पोर्टल की शुरुआत करने जा रहे हैं। दिल्ली बाजार नाम से नई वेबसाइट/पोर्टल पर हर दुकान को हर प्रोफेशनल को हर संस्थान को जगह मिलेगी, अगर किसी की दुकान है तो उस वेबसाइट पर वह उस प्रोडक्ट को डिस्प्ले कर सकता है।












Click it and Unblock the Notifications