दिल्ली में कोरोना से पिछले 24 घंटों में कोई मौत नहीं, आज मिले 51 नए केस
देश में एक बार फिर से बढ़े कोरोना वायरस के मामलों के बीच दिल्ली के लिए एक राहत भरी खबर आई है।
नई दिल्ली, 29 जुलाई: देश में एक बार फिर से बढ़े कोरोना वायरस के मामलों के बीच दिल्ली के लिए एक राहत भरी खबर आई है। दिल्ली में बीते 24 घंटों के भीतर कोरोना वायरस से कोई मौत नहीं हुई है। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि राजधानी में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस के 51 नए केस मिले हैं, जबकि 70 लोग ठीक हुए हैं। इन नए आंकडो़ं के साथ दिल्ली में कोरोना वायरस के कुल केस बढ़कर 14,36,144 और रिकवर मरीजों की संख्या 14,10,541 हो गई है।

Recommended Video
दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, राजधानी में कोरोना वायरस के मरीजों का रिकवरी रेट बढ़ने की वजह से एक्टिस घटकर अब केवल 554 बचे हैं। वहीं, कोरोना की वजह से दिल्ली में अभी तक 25,049 लोगों की जान जा चुकी है। गौरतलब है कि लगातार कम हो रहे कोरोना वायरस के मामलों को देखते हुए दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने राजधानी में अनलॉक की प्रक्रिया के तहत 100 फीसदी क्षमता के साथ मेट्रो और बसों के संचालन सहित कई तरह की आर्थिक गतिविधियों में छूट दी है। हालांकि कोरोना वायरस नियमों को लेकर अभी भी सख्ती जारी है और उल्लंघन पर दिल्ली की लक्ष्मी नगर मार्केट सहित कई बाजार कुछ समय के लिए बंद भी कराए गए थे।
दिल्ली में स्कूल खोलने को लेकर सिसोदिया ने मांगी राय
वहीं, बुधवार को दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने राजधानी में स्कूल और कॉलेज खोलने को लेकर लोगों से सुझाव मांगे। मनीष सिसोदिया ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'क्या अब दिल्ली में स्कूल और कॉलेज खोल देने चाहिएं? अगर आप दिल्ली के किसी भी स्कूल, कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्रा हैं, पैरेंट्स हैं, टीचर हैं या फिर प्रिंसिपल हैं, तो कृपया मुझे इस संबंध में अपने सुझाव भेजिए।' आपको बता दें कि कोरोना वायरस महामारी के चलते दिल्ली के सभी स्कूल और कॉलेज पिछले साल मार्च से बंद हैं।












Click it and Unblock the Notifications