Delhi Rains: भारी बारिश से दिल्ली बेहाल, सड़कों पर लगा तगड़ा जाम, Red Alert जारी
Delhi Rains: बुधवार सुबह से दिल्ली में भारी बरसात हो रही है जिससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि आज पूरे दिन दिल्ली का यही हाल रहने वाला है, उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट और बाकी स्थानों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसलिए घर से बाहर निकलते वक्त थोड़ी सावधानी बरतें। आपको बता दें कि झमाझम बरसात की वजह से लोगों को ऑफिस जाने में खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है, कई जगहों पर जलजमाव हुआ है, जिससे ट्रैफिक जाम हो गया है।

सोशल मीडिया पर इस वक्त दिल्ली जाम और जलभराव के कई वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं, जिन पर लोग जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। आपको बता दें कि आईएमडी ने कहा है कि दिल्ली में बारिश का ये आलम पूरे हफ्ते रहने वाला है इसलिए हर किसी को अपनी सेहत के प्रति काफी सचेत रहने की जरूरत है।
मंगलवार को भी दिल्ली में काफी बरसात हुई थी (Delhi Rains)
मालूम हो कि मंगलवार को भी दिल्ली में काफी बरसात हुई थी। मंगलवार की सुबह प्रेस एन्क्लेव रोड और कुतुब मीनार मेट्रो स्टेशन के पास अनुव्रत मार्ग पर दोपहर तक ट्रैफिक जाम लगा रहा।
भारी बारिश से दिल्ली बेहाल
आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के मौसम बेस स्टेशन सफदरजंग ने मंगलवार को सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच 8.8 मिमी बारिश दर्ज की, जबकि उत्तरी दिल्ली में रिज ने इसी अवधि के दौरान 22.4 मिमी बारिश दर्ज की। इसके बाद राजघाट में 22.2 मिमी, लोधी रोड में 14.2 मिमी, नजफगढ़ में 11 मिमी, पूसा में 13.5 मिमी, आयानगर में 1.5 मिमी और पालम में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।
दिल्ली में 136.3 मिमी बारिश दर्ज की गई (Delhi Rains)
इस महीने अब तक दिल्ली में 136.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। शहर में आम तौर पर जुलाई में 209.7 मिमी बारिश होती है। पिछले साल 203.7 मिमी बारिश दर्ज की गई थी और 2023 में 384.6 मिमी बारिश देखी गई थी।
देश के दूसरे राज्यों में भारी बरसात हो रही है
मालूम हो कि बारिश केवल दिल्ली में ही नहीं हो रही है बल्कि देश के दूसरे राज्यों में भारी बरसात हो रही है। कई स्थानों पर रेनअलर्ट जारी है। उत्तर से लेकर दक्षिण तक सावन बरस रहे हैं। यूपी, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, पंजाब और हरियाणा के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी है तो वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र, हिमाचल, जम्मू कश्मीर के कई स्थानों पर रेड अलर्ट जारी किया गया है।
बेंगलुरु में तो सुबह से ही बादल बरस रहे हैं
कर्नाटक के कई जिलों में आज भी भारी बरसात हो रही है, बेंगलुरु में तो सुबह से ही बादल बरस रहे हैं, यहां पर भी ऑरेंज अलर्ट जारी है तो वहीं चेन्नई, हैदराबाद, केरल में भी भारी बारिश की आशंका है और लोगों के लिए चेतावनी जारी की गई है।












Click it and Unblock the Notifications