Delhi Power Cut: दिल्ली में इन एरिया का पॉवर कट शेड्यूल जारी, आपके इलाके में कब तक रहेगी बिजली कटौती
Delhi Power Cut: राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में 10 फरवरी 2026 (मंगलवार) को बिजली आपूर्ति प्रभावित रहने वाली है। बीएसईएस राजधानी पावर लिमिटेड (BRPL) ने ट्रांसफॉर्मर और फीडर की प्रिवेंटिव मेंटेनेंस, एलटी सर्किट मेंटेनेंस और ट्री ट्रिमिंग जैसे जरूरी कार्यों के चलते तय समय पर बिजली आपूर्ति बंद रखने की जानकारी दी है।
कंपनी का कहना है कि यह कटौती भविष्य में होने वाली बड़ी तकनीकी खराबियों से बचने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है।

Delhi Power Cut Timing: कब से कब तक रहेगा पॉवर कट?
BRPL के मुताबिक, सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक अलग-अलग इलाकों में चरणबद्ध तरीके से बिजली आपूर्ति रोकी जाएगी। ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे पहले से अपने जरूरी काम निपटा लें और बिजली से चलने वाले उपकरणों का इस्तेमाल सोच-समझकर करें।
Delhi Power Cut Schedule: साकेत, वसंत कुंज और हौज खास में सबसे ज्यादा असर
शटडाउन शेड्यूल के अनुसार, साकेत के पंचशील विहार और शेख सराय गांव के ब्लॉक-एच इलाके में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक ट्रांसफॉर्मर प्रिवेंटिव मेंटेनेंस के कारण बिजली नहीं रहेगी।
वसंत कुंज के रंगपुरी पहाड़ी, आईएए कॉलोनी सेक्टर-डी और पुष्पांजलि फार्म्स में अलग-अलग समय पर 10 बजे से 3 बजे के बीच बिजली कटौती की जाएगी। यहां 11 केवी फीडर और ट्रांसफॉर्मर से जुड़े रखरखाव कार्य किए जाएंगे।
हौज खास के ग्रीन पार्क एक्सटेंशन (ब्लॉक-क्यू), गौतम नगर और शाहपुर जाट/सिरी फोर्ट इलाके में भी सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
जनकपुरी, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी और नेहरू प्लेस भी शामिल
जनकपुरी के माया एन्क्लेव, लाजवंती गार्डन, शिव नगर और मानक विहार (तिहाड़ गांव) में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक ट्रांसफॉर्मर और एलटी सर्किट मेंटेनेंस के कारण कटौती रहेगी।
न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के तैमूर नगर और जसोला विहार में भी सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक बिजली सप्लाई बाधित रहेगी।
नेहरू प्लेस के ग्रेटर कैलाश और ईस्ट ऑफ कैलाश के कुछ ब्लॉकों में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक बिजली नहीं रहेगी।
छतरपुर, खानपुर और जाफरपुर में भी कटौती
छतरपुर के डॉ. अंबेडकर कॉलोनी (पॉकेट ए और बी) में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक 11 केवी फीडर मेंटेनेंस के कारण बिजली कटेगी।
खानपुर के पुल पहलादपुर (एचआर-ब्लॉक) में सुबह 10 बजे से 1 बजे तक एचवीडीएस मेंटेनेंस किया जाएगा।
वहीं, जाफरपुर इलाके के कृष्ण विहार (नजफगढ़) और घुमनहेड़ा/जैनपुर गांव में भी सुबह 10 बजे से 1 बजे तक बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
BSES Power Outage की अपील
BSES ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए इन्वर्टर या बैकअप की व्यवस्था रखें, मोबाइल और जरूरी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पहले से चार्ज कर लें और बुजुर्गों व मरीजों की जरूरतों का खास ध्यान रखें।
कंपनी का कहना है कि मेंटेनेंस कार्य पूरा होते ही बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। यह शटडाउन अस्थायी है, लेकिन इसका उद्देश्य दिल्लीवासियों को आने वाले समय में बेहतर और सुरक्षित बिजली आपूर्ति देना है।












Click it and Unblock the Notifications