Delhi: बिना हेलमेट रील शूट करने निकले बाइक सवार, पुलिस ने सबको किया गिरफ्तार, 28 बाइक सीज
सोशल मीडिया के इस दौर में व्यूज की अंधी दौड़ में युवा कुछ भी करने निकल पड़ते हैं। सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने के लिए युवा अपनी जान के साथ दूसरों की जान की भी परवाह नहीं करते हैं।
कुछ ऐसी ही घटना दिल्ली में आधी रात को देखने को मिली है। यहां दर्जनों बाइक सवार आधी रात को रील शूट करने के लिए बिना हेलमेट सड़क पर निकल पड़े। लेकिन पुलिस ने इन सभी बाइक सवारों को रास्ते में ही रोक लिया।

दिल्ली पुलिस ने इन सभी बाइक सवारों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान लड़कों ने बताया कि वो रात में रील शूट करने के लिए सड़क पर निकले हैं। अहम बात यह है कि किसी भी बाइक सवार ने इस दौरान हेलमेट नहीं पहन रखा था।
जिसकी वजह से कोई बड़ा हादसा हो सकता था। लेकिन समय रहते दिल्ली पुलिस की टीम ने सभी बाइक सवारों को रोक लिया और इन्हें गिरफ्तार कर लिया। अहम बात है कि पुलिस ने इन सभी बाइकों को सीज कर दिया है।
Recommended Video
घटना की जानकारी देते हुए दिल्ली पुलिस ने बताया कि हमने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और सभी बाइकों को सीज कर दिया गया है। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। जिसमे देखा जा सकता है कि नई दिल्ली इलाके में बड़ी संख्या में बाइक सवार सड़क पर नजर आ रहे हैं।
किसी भी बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहन रखा है। हर बाइक पर तकरीबन दो लोग बैठे हैं। ऐसे में देर रात सूनसान सड़क पर तेज रफ्तार बाइक की सवारी ना सिर्फ इन युवाओं को बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों के लिए भी मुश्किल का सबब बन सकती थी।
गौर करने वाली बात है कि इससे पहले भी कई बार दिल्ली में तेज रफ्तार बाइक के चलते हादसे सामने आ चुके हैं। ऐसे में दिल्ली पुलिस इस तरह की घटनाओं पर सख्त नजर रखती है। किसी भी तरह की दुर्घटना से बचने के लिए पुलिस इस तरह की असुरक्षित राइडिंग को रोकने का प्रयास करती है।












Click it and Unblock the Notifications