किसने लीक की थी संदीप कुमार की सेक्स सीडी, दिल्ली पुलिस ने किया खुलासा
नई दिल्ली। सेक्स स्कैंडल में फंसे दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री संदीप कुमार की सीडी कैसे लीक हुई यह सवाल पहले दिन से उठता रहा है। दिल्ली पुलिस ने अब इस राज से पर्दा उठा दिया है। यह काम संदीप कुमार के दोस्त ने किया था।

पुलिस जांच में पता चला कि संदीप कुमार के दोस्त और निजी सचिव प्रवीण ने वीडियो सर्कुलेट किया। पुलिस ने प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया है और अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या संदीप कुमार ने खुद यह वीडियो प्रवीण को दिया या फिर किसी और जरिए से उसने यह हासिल किया।
'ऑफिस का गलत इस्तेमाल किया'
पुलिस ने मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट को भी बताया कि पूर्व मंत्री ने महिला के बच्चों की देखरेख करने और उन्हें भविष्य में नौकरी दिलाने का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। पुलिस ने यह भी कहा कि संदीप कुमार ने अपने ऑफिस और पावर का गलत इस्तेमाल किया।
'घटना के पीछे कई लोगों का हाथ होने की आशंका'
पुलिस ने कहा, 'जांच में पता चला है कि वीडियो प्रवीण नाम के शख्स ने लीक किया है। वह संदीप कुमार का दोस्त भी है। इस पूरे घटनाक्रम के पीछे कई लोगों का हाथ होने की आशंका है इसकी जांच चल रही है।'
पढ़ें: रिलायंस जियो 4जी : आज से पूरी तरह भारत में सेवाएं शुरू कर देगी रिलायंस
असली क्लिप तलाश रही है पुलिस
संदीप कुमार का सेक्स टेप सामने आने के बाद उन्हें पहले मंत्री पद और फिर आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी हाथ होना पड़ा। पुलिस अब उस डिवाइस की खोज कर रही है, जिससे वीडियो रिकॉर्ड किया गया और इसकी ओरिजनल क्लिपिंग का पता भी लगा रही है। साथ ही यह भी पता लगा रही है कि आखिर वीडियो किस-किस के जरिए फैलाया गया है।
पुलिस ने आशंका जताई है कि संदीप कुमार ने कई अन्य महिलाओं के साथ भी ऐसी ही हरकतें की हैं। इसकी भी जांच चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications