लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर दिल्ली पुलिस ने की कार्रवाई, हथियार और गोला बारूद के साथ एक शूटर अरेस्ट
Lawrence Bishnoi Gang: लॉरेंस बिश्नोई और काला जठेड़ी गिरोह के एक सदस्य को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि 25 हजार रुपए के इनामी रिजवान अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कियाहै। गिरफ्त में आए रिजवान के पास से पुलिस ने हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया गया है।
अंसारी का शाहबाज अंसारी से करीबी संबंध है, जिसे पहले पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में हथियार सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने बताया कि रिजवान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के खुर्जा देहात और कोतवाली में हथियार सप्लाई के मामलों में आरोपी है।

बुलंदशहर पुलिस ने 22 मई को एक अंतरराज्यीय हथियार सप्लाई गिरोह का भंडाफोड़ किया था, जिसमें 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया और एक दर्जन अवैध हथियार जब्त किए गए थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी रिजवान को हथियार सप्लाई करने वाला मुख्य व्यक्ति पाया गया, जो गिरफ्तारी से बच रहा था।
पीटीआई की खबर के मुताबिक, 24 अक्टूबर को एक टीम को रिजवान अंसारी के बारे में सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस ने रिजवान को पकड़ने के लिए द्वारका इलाके में नाला छावला के पास जाल बिछाया। इस दौरान पुलिस ने रिजवान को चोरी की गई स्कूटी चलाते समय रोकने की कोशिश की गई।
लेकिन, वो भागने लगा। हालांकि, कुछ देर पीछा करने के बाद पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान,एक अत्याधुनिक पिस्तौल, एक मैगजीन और तीन जिंदा कारतूस, एक देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। जांच में पता चला कि इन हथियारों को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े उसके चचेरे भाई शाहबाज अंसारी ने मुहैया कराया था।
शाहबाज को पहले दिसंबर 2022 में गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में हथियार सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने कहा कि उन्होंने एक प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications