Delhi New CM: क्या इन 3 वजहों से टली BJP विधायक दल की बैठक, या फिर कुछ और बड़ा है कारण ?
Delhi New CM News: दिल्ली में बीजेपी की नई सरकार 20 फरवरी को शपथ लेने वाली है। इसको लेकर कई तरह की रिपोर्ट हैं। भाजपा सूत्रों ने वनइंडिया से कहा है कि उन्हें इसके लिए रामलीला मैदान में भव्य तैयारी करने के निर्देश मिल चुके हैं। लेकिन,एक बड़ा सवाल कायम है कि सोमवार को होने वाली बीजेपी के नव-निर्वाचित विधायकों की बैठक क्यों टालनी पड़ी?
बीजेपी की इस बैठक में ही औपचारिक तौर पर विधायक दल के नेता के नाम पर मुहर लगनी है। यानी यहीं से अगले मुख्यमंत्री के नाम की औपचारिक घोषणा होने वाली है। ऐसे में बैठक से एक दिन पहले इसे टाले जाने को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

Delhi New CM: 20 फरवरी को रामलीला मैदान में होगा बीजेपी की नई सरकार का शपथग्रहण
भाजपा सूत्रों का कहना है कि अब विधायक दल की बैठक मंगलवार या बुधवार को हो सकती है। जहां तक शपथ ग्रहण की बात है तो वह 20 फरवरी को रामलीला मैदान में होने वाली है। इसके लिए बीजेपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को मुस्तैद होने के लिए कह दिया गया है। वैसे, फिलहाल सोमवार को होने वाली विधायक दल की बैठक रद्द होने के तीन कारण बताए जा रहे हैं-
Delhi New CM Candidate: बैठक टलने की पहली संभावित वजह) नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की वजह से हुआ हादसा
शनिवार को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर जो बहुत बड़ी दुर्घटना हो गई, माना जा रहा है कि उसकी वजह से भाजपा यह संदेश नहीं देना चाहती थी कि उसे मारे गए लोगों के परिजनों या घायलों के प्रति कोई संवेदना नहीं है। दूसरी बात, ये है कि केंद्र सरकार के बड़े नेता और दिल्ली सरकार के अधिकारी भी इस हादसे के बाद राहत और बचाव कार्यों में जुटे रहे हैं।
Delhi New CM: आरएसएस (RSS) के नव-निर्मित भवन का उद्घाटन
एक बात ये सामने आ रही है कि 19 फरवरी को दिल्ली के झंडेवालान में जो संघ (RSS) का नया भवन बना है, उसका उद्घाटन होने वाला है। इसकी वजह से शपथग्रहण उसके बाद की तारीख में रखे जाने की बात सामने आ रही है। ऐसे में यह भी कहा जा रहा है कि विधायक दल की बैठक और शपथग्रहण के दिन में ज्यादा अंतर रखना उचित नहीं माना गया। शायद इसलिए, इसे एक-दो दिन बढ़ाने में कोई दिक्कत महसूस नहीं की गई।
Delhi New CM News: कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों को किसी बुजुर्ग नेता के निधन की सूचना
दिल्ली बीजेपी के एक पदाधिकारी ने विधायक दल की बैठक रद्द होने के बारे में पूछे जाने पर वनइंडिया को बताया कि "हमें यही सूचना दी गई है कि कोई बुजुर्ग नेता दिवंगत हुए हैं, ऐसे में इस बैठक का आयोजन करना उचित नहीं होगा। इसलिए, इसे आगे की तारीख पर आयोजित किया जाएगा।" हालांकि, वनइंडिया इसकी पुष्टि नहीं कर पाया कि ऐसी सूचना किस नेता को लेकर दी गई।
Delhi New CM: दिल्ली के नतीजों के 10 दिन बाद भी मुख्यमंत्री तय नहीं सकी है बीजेपी
दरअसल, दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे आए 10 दिन हो गए हैं, लेकिन बीजेपी अभी तक विधायक दल का नेता नहीं तय कर सकी है। पहले यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश में होने की वजह से नहीं हुआ, लेकिन उनके अमेरिका से आने के बाद भी जिस तरह से देरी हो रही है, उसको लेकर विपक्ष भी सवाल उठा रहा है।
ऐसे में प्रश्न उठना स्वाभाविक है कि विधायक दल की बैठक टलने की जो वजहें बताई जा रही हैं,क्या ये उतने तक सीमित हैं या फिर कोई और भी बड़ा कारण है, जिसकी वजह से पार्टी को सोमवार को होने वाली बैठक टालनी पड़ गई है। क्या, मुख्यमंत्री के तौर पर एक नाम पर शीर्ष नेतृत्व के बीच पूरी तरह से सहमति नहीं बन सकी है?
70 सीटों वाली विधानसभा में बीजेपी को दो-तिहाई से ज्यादा 48 सीटें मिली हैं। 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में लौटी पार्टी में सीएम पद के कई दावेदार हैं और जबतक विधायक दल की बैठक नहीं हो जाती, अगले मुख्यमंत्री को लेकर कयासबाजियों का दौर जारी रहना तय है।












Click it and Unblock the Notifications