Delhi New CM: 19-20 फरवरी तक बन जाएगी नई सरकार, नए मुख्यमंत्री के नाम पर क्या बोले BJP विधायक?
Delhi New CM News: दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकार का शपथ ग्रहण समारोह 19 या 20 फरवरी को होने की संभावना है। बीजेपी के नव-निर्वाचित विधायक और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि प्रधानमंत्री अपनी विदेश यात्रा से लौट रहे हैं और जल्द ही बीजेपी विधायक दल की बैठक के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति होगी।
राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र से पार्टी विधायक और मुख्यमंत्री पद के संभावित उम्मीदवारों में से एक सिरसा ने कहा,'नई सरकार 19-20 फरवरी के आसपास कार्यभार संभालना शुरू करेगी'। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि विधायक दल की बैठक 18 या 19 फरवरी के आसपास हो सकती है और सरकार के गठन का काम 20 फरवरी तक पूरा हो जाएगा।

Delhi New CM: मुख्यमंत्री पद को लेकर अटकलें निराधार- लक्ष्मी नगर विधायक अभय वर्मा
बीजेपी के नव-निर्वाचित विधायकों ने मुख्यमंत्री पद को लेकर किसी भी प्रतिस्पर्धा से इनकार किया है। इसी कड़ी में लक्ष्मी नगर सीट से दूसरी बार विधायक बने अभय वर्मा ने कहा,'हमारी पार्टी में मुख्यमंत्री या विधायक दल का नेता विधायकों की बैठक में चुना जाता है। यहां किसी प्रकार की होड़ नहीं है।'
पूर्वांचली समुदाय से आने वाले अभय वर्मा को भी दिल्ली के मुख्यमंत्री पद के संभावित दावेदारों में से एक माना जा रहा है। उन्होंने कहा, 'हम जनता की सेवा के लिए आए हैं और अब हमारा ध्यान विकास,स्वच्छ जल आपूर्ति,स्वच्छ हवा और यमुना को प्रदूषण मुक्त करने पर है।'
Delhi New CM Candidate: आयुष्मान भारत योजना होगी लागू
बीजेपी विधायकों ने भरोसा दिया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वादे के अनुसार, दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार की वजह से बाधित आयुष्मान भारत स्वास्थ्य योजना नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में लागू की जाएगी।
मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि नई सरकार अपने पहले 100 दिनों में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, शहर की सफाई व्यवस्था सुधारने और वायु एवं यमुना प्रदूषण से निपटने के लिए कार्य योजना बनाएगी।
Delhi New CM: दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के बारे में क्या बोले बीजेपी के नव-निर्वाचित विधायक मोहन सिंह बिष्ट
छठी बार विधायक बने मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि दिल्ली का नया मुख्यमंत्री 48 बीजेपी विधायकों में से ही चुना जाएगा। मुस्लिम बहुल विधानसभा क्षेत्र मुस्तफाबाद से जीतने वाले बिष्ट ने इस क्षेत्र का नाम बदलकर "शिव विहार" या "शिव पुरी" करने का इरादा दोहराया।
उन्होंने कहा,'यहां 42% एक समुदाय (मुस्लिम) के लोग हैं और 58% हिंदू समुदाय के लोग हैं... इसलिए जनता की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।'
उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी सरकार यमुना में बहने वाले 28 बड़े नालों को रोकने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित करके यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाएगी। (पीटीआई इनपुट)












Click it and Unblock the Notifications