NEET Protest: Akhilesh बोले- 'छात्राओं के कपड़े फाड़े गए', Nitin Nabin ने कहा-'Rahul Gandhi अराजकता के प्रतीक'
Delhi NEET Protest: संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन NEET पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के मुद्दे पर 21 जुलाई, मंगलवार को विपक्ष और केंद्र सरकार आमने-सामने आ गए। संसद की कार्यवाही स्थगित होने के बाद कांग्रेस, समाजवादी पार्टी समेत INDIA गठबंधन के कई नेता प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च पर निकल पड़े।
बीच सड़क बैठकर विरोध-प्रदर्शन शुरू किया। कुछ घंटों बाद, दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी को हिरासत में लिया और छत्रसाल स्टेडियम पुलिस वैन में ठूंसकर ले गए। करीब रात 9:45 बजे पुलिस ने दावा किया कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अखिलेश यादव समेत सभी को हिरासत से रिहा कर दिया गया है। छत्रसाल स्टेडियम से बाहर निकलते ही, प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार बात क्यों नहीं सुनती है। लोकतंत्र में प्रदर्शन का अधिकार है। वहीं, अखिलेश यादव ने भी सरकार को घेरा। कहा कि हिंसा के लिए सरकार दोषी है। नितिन नबीन ने राहुल गांधी को अराजकता का प्रतीक बताया। आइए विस्तार से जानते हैं कि किसने क्या कहा?

PM आवास के बाहर क्यों धरने पर बैठे? प्रियंका ने बताई वजह
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि अगर विपक्ष के नेता संसद में बोलना चाहते हैं, तो उन्हें बोलने नहीं दिया जाता। अगर हम विरोध-प्रदर्शन करने की इजाज़त मांगते हैं, तो इजाजत नहीं दी जाती। इसलिए हम ऐसी जगह गए, जहां हमारे जाने की उन्हें बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी।
प्रियंका गांधी बोलीं- लोकतंत्र में विरोध हमारा अधिकार
वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि हमारे देश के बच्चों, यानी देश के भविष्य की बात सुनने में क्या दिक्कत है? उनकी मांग जायज है... उनके प्रतिनिधि होने के नाते, उनकी आवाज उठाना और उन्हें मजबूत बनाना हमारी ज़िम्मेदारी है... लोकतंत्र में विरोध करना एक बुनियादी अधिकार है... जहां भी जरूरत होगी, हम अपनी आवाज उठाएंगे... हमारी मांग साफ़ है और शुरू से वही रही है... हमें खराब हो चुके शिक्षा सिस्टम को ठीक करना है... धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफ़ा देना होगा।
प्रियंका ने आगे कहा कि संसद में इस पर चर्चा होनी चाहिए। और छात्रों की बात सुनी जानी चाहिए... वंदे मातरम का क्या मतलब है? अपनी मातृभूमि का सम्मान करना। हमारी मातृभूमि लोकतंत्र है। ये बच्चे कौन हैं? ये वही बच्चे हैं जिन्होंने हमें वोट देकर संसद भेजा है... शिक्षा सिस्टम में बड़े बदलाव के लिए कोई बिल क्यों नहीं लाया जा रहा है? अडानी-अंबानी के 16 लाख करोड़ रुपये के कर्ज माफ कर दिए गए। लेकिन पूरे देश की शिक्षा पर सिर्फ 1.4 लाख करोड़ रुपये ही खर्च किए गए...'
अखिलेश बोले- हड्डियां तोड़ी, लड़कियों के कपड़े फाड़े गए
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार को छात्रों की मांगें मान लेनी चाहिए... सरकार ने छात्रों और युवाओं के साथ जो अन्याय किया है - जिस तरह से उन्हें पीटा गया, उनके सिर फोड़े गए और उनकी हड्डियां तोड़ी गईं... यहां तक कि महिला छात्रों के कपड़े भी फाड़ दिए गए। क्या लोकतंत्र में सरकार से ऐसे बर्ताव की उम्मीद की जाती है, और वह भी शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन के दौरान... हम सदन में यह मुद्दा उठाएंगे। उधर, समाजवादी पार्टी (SP) के कार्यकर्ताओं ने यूपी की राजधानी लखनऊ में विरोध में बड़ा प्रदर्शन किया। वजह थी- पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को दिल्ली में पुलिस की हिरासत में लिया जाना। जैसे-जैसे प्रदर्शन बढ़ा, स्थानीय पुलिस ने दखल दिया और विरोध कर रहे कई SP कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
BJP के नितिन नबीन बोले- 'राहुल गांधी अराजकता के प्रतीक, अराजक सोच पनप रही'
लोक कल्याण मार्ग (LKM) पर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर BJP अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि आज विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जो व्यवहार दिखाया, वह पूरी तरह से अनुचित और निंदनीय है। उनका व्यवहार साफ दिखाता है कि वे विपक्ष के नेता के पद की गरिमा को गंभीरता से नहीं लेते... हमने हमेशा कहा है कि राहुल गांधी अराजकता के प्रतीक के तौर पर उभर रहे हैं। कुछ संसदीय पद किसी एक पार्टी के नहीं होते। प्रधानमंत्री सिर्फ एक पार्टी के नेता नहीं, बल्कि 140 करोड़ नागरिकों के चुने हुए प्रतिनिधि होते हैं।
आज प्रधानमंत्री आवास पर राहुल गांधी और उनकी टीम ने जो व्यवहार किया और अराजकता फैलाने की जो कोशिश की, उससे साफ पता चलता है कि यह असहमति की राजनीति नहीं, बल्कि अराजकता की राजनीति है। यह बात खास तौर पर चिंताजनक है कि मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे वरिष्ठ नेता भी राहुल गांधी के साथ थे... आज की घटना निश्चित रूप से दुर्भाग्यपूर्ण है। यह भारत के राजनीतिक इतिहास का एक काला दिन है।
आगे नितिन नबीन ने कहा कि हमने भी लंबे समय तक विपक्ष में काम किया है, लेकिन हमने कभी ऐसी मर्यादाएं नहीं तोड़ीं... जब राहुल गांधी ने शर्तें रखीं, तो उन्हें मान लिया गया। फिर भी, यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष के नेता के पद पर बैठा व्यक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ने पर पीछे हट जाता है... मैं कांग्रेस विपक्ष के अपने साथियों से कहना चाहता हूं कि हम संसद में किसी भी तरह की बातचीत के लिए हमेशा तैयार हैं। हालांकि, मर्यादा तोड़ने का जो चलन उभर रहा है और आप लोगों के बीच जो अराजक सोच पनप रही है, वह निश्चित रूप से देश को परेशान कर रही है; देश मजबूती से अपने प्रधानमंत्री के साथ खड़ा है...'
'धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करो', कांग्रेस का आरोप- राहुल गांधी को घसीटा गया
कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। सचिन पायलट ने कहा कि जिस तरह राहुल गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में लिया गया और घसीटा गया, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रखेगी।
कांग्रेस सांसद जोथिमानि कहती हैं कि कांग्रेस पार्टी, INDIA गठबंधन और छात्रों की मांग एक ही है और बिल्कुल साफ़ है। धर्मेंद्र प्रधान को ज़िम्मेदार ठहराया जाना चाहिए और उन्हें बर्खास्त किया जाना चाहिए… राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और हम सभी को सड़क पर घसीटा गया।
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि सरकार चर्चा से बच रही है और विपक्ष को अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया जा रहा। वहीं कांग्रेस सांसद जोथिमणि ने कहा कि INDIA गठबंधन और छात्रों की मांग एक ही है कि शिक्षा मंत्री को जवाबदेह ठहराया जाए।
छत्रसाल स्टेडियम के अंदर से कांग्रेस सांसद हिबी ईडन ने कहा कि हम शांतिपूर्ण तरीके से विरोध कर रहे थे। दुर्भाग्य से, भारत सरकार के कंट्रोल वाली दिल्ली पुलिस ने (प्रदर्शनकारियों को) गिरफ्तार कर लिया है। यहां तक कि महिला सांसद भी घायल हो गईं… पुलिस की यह कार्रवाई बेरहम और उकसाने वाली रही है… डिप्टी कमिश्नर और कुछ 'गुंडे' हमें जबरदस्ती हटा रहे हैं।
जयपुर से चंडीगढ़ तक कांग्रेस का प्रदर्शन
वहीं, जयपुर में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) ने अंबेडकर सर्कल पर बड़ा प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज की निंदा करने के लिए किया गया।
भोपाल में भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजभवन के बाहर बड़ा प्रदर्शन किया। उन्होंने नई दिल्ली में छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज और उसके बाद पार्टी नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने की निंदा की। इस दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष जीतू पटवारी और भोपाल जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना भी मौजूद थे।
चंडीगढ़ में भी कांग्रेस पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंजाब के गवर्नर हाउस के बाहर केंद्र सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया। उन्होंने नई दिल्ली में छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज और उसके बाद पार्टी नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने की निंदा की। कानून-व्यवस्था बिगड़ने से रोकने के लिए स्थानीय प्रशासन ने गवर्नर हाउस के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया है और कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की है।


Click it and Unblock the Notifications
