Air Pollution: दिल्ली में अगले आदेश तक निर्माण कार्य बंद, डीजल ट्रकों को भी अनुमति नहीं
नई दिल्ली, 29 नवंबर: दिल्ली एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में निर्माण कार्य अगले आदेश तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। इसी के साथ मजदूरों को किसी तरह की दिक्कतों का सामना ना करना पड़े इसलिए उनके बैंक खाते में आर्थिक रूप से मदद करने के लिए पैसा जमा कराने की भी बात कही है।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली में निर्माण कार्य अगले आदेश तक बंद रहेगा। हम मजदूरों के बैंक खाते में 5,000 रुपए जमा कराएंगे, जिससे उनको आर्थिक रूप से परेशानी ना हो। आपातकालीन वाहनों को छोड़कर दिल्ली में 7 दिसंबर तक डीजल ट्रकों को आने की अनुमति पर भी रोक लगाई गई है।
दिल्ली के मंत्री गोपाल राय के मुताबिक दिल्ली में केवल इलेक्ट्रिक वाहनों और सीएनजी से चलने वाले ट्रकों को ही अनुमति दी जाएगी। रेड लाइट ऑन, गाड़ी ऑफ अभियान 18 दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है। इसी के साथ पानी छिड़काव और पीयूसीसी चेकिंग जारी रहेगी। पर्यायवरण मंत्री ने साफ कर दिया कि स्थिति में सुधार होने तक ये सब जारी रहेगा।
सोमवार को दिल्ली की हवा काफी खराब थी। सुबह दिल्ली में वायु की गुणत्ता 381 दर्ज की गई है, जो कि बेहद खराब श्रेणी में आती है। रविवार की स्थिति इससे भी खराब थी। रविवार शाम तक दिल्ली के कई इलाकों में तो AQI 400 के पार चला गया था। आपको बता दें कि दिल्ली सरकार ने राजधानी में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए हाल ही में निर्माण कार्य पर बैन लगाया था। हालांकि इसके बाद प्रदूषण में सुधार आने के बाद 22 नवंबर को यह प्रतिबंध हटा भी दिया था, लेकिन फिर एक बार प्रदूषण के बढ़ने पर सरकार ने फिर से निर्माण कार्यों पर बैन लगा दिया।












Click it and Unblock the Notifications