दिल्ली में मेयर-डिप्टी मेयर के चुनाव का हुआ ऐलान, 14 नवंबर को होगी वोटिंग
MCD Mayor Election: दिल्ली के मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव को लेकर कानूनी अड़चन अब दूर हो गई है। इसके साथ ही दिल्ली नगर निगम के नए मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव की तारीख का भी ऐलान हो गया है। नगर निगम के सचिव सेवा प्रसाद की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, ये चुनाव 14 नवंबर को दोपहर 2 बजे नगर निगम मुख्यालय में होंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, तीसरे कार्यकाल में मेयर का पद दलितों के लिए आरक्षित है। इस चुनाव के लिए आम बैठक 14 नवंबर 2024 को दोपहर 2 बजे अरुणा आसफ अली ऑडिटोरियम में होगी। इसको लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। बता दें, पिछले छह महीन से एमसीडी के मेयर पद के लिए चुनाव लंबित चल रहा था।

पिछले हफ्ते ही मेयर शैली ओबेरॉय ने चुनाव कराने की बात कही थी। इसको लेकर सदन में हंगामा भी हुआ था। वहीं, अब मेयर चुनाव तारीख की घोषणा पर नगर निगम के नेता विपक्ष राजा इकबाल सिंह ने कहा, आखिरकार बीजेपी का संघर्ष रंग लाया। बीजेपी के दबाव में आम आदमी पार्टी ने 14 नवंबर को मेयर चुनाव की अनुमति दे दी। हालांकि, उन्होंने कहा कि दलित समाज आप द्वारा किए गए अन्याय को याद रखेगा।
इसे वजह से टला था चुनाव
बता दें, नगर निगम के नए मेयर के लिए चुनाव पहले अप्रैल में होने थे, लेकिन उस वक्त पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के जेल जाने की वजह से पीठासीन अधिकारी की नियुक्ति नहीं हो पाई थी। जिसकी वजह से मेयर का चुनाव टल गया था। केजरीवाल के इस्तीफे के बाद, आतिशी अब दिल्ली की मुख्यमंत्री हैं, और पिछली कानूनी अड़चनें दूर हो गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications