अरविंदर सिंह लवली बने दिल्ली विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर, 24 फरवरी से शुरू होगा बजट सत्र
BJP MLA Arvinder Singh Lovely: दिल्ली में 27 साल के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार बनी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित सभी मंत्रियों ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। अब दिल्ली विधानसभा का सत्र शुरू होने जा रहा है, जिसके लिए अरविंदर सिंह लवली को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया गया है। वे विधायकों को शपथ दिलाएंगे।
दिल्ली विधानसभा का सत्र 24 फरवरी से लेकर 27 फरवरी तक चलेगा, लेकिन 26 फरवरी को महाशिवरात्रि की छुट्टी के कारण बजट सत्र केवल तीन दिन चलेगा। गांधीनगर से विजयी बीजेपी विधायक अरविंदर सिंह लवली को मंत्री नहीं बनाया गया, लेकिन उन्हें विधानसभा में बड़ी जिम्मेदारी मिली और उन्हें प्रोटेम स्पीकर बनाया गया।

दिल्ली विधानसभा सत्र में क्या होंगे कार्य?
अरविंदर सिंह लवली 24 फरवरी को पहले दिन विधायकों को शपथ दिलाएंगे। 25 फरवरी को CAG (कंट्रोलर एंड ऑडिटर जनरल) की रिपोर्ट पेश की जाएगी। 26 फरवरी को महाशिवरात्रि की छुट्टी के कारण सदन की कार्यवाही स्थगित रहेगी, और 27 फरवरी को एलजी के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के साथ-साथ विधानसभा के उपाध्यक्ष का चुनाव होगा।
कैग रिपोर्ट पेश की जाएगी
आपको बता दें कि दिल्ली के रामलीला मैदान में रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इस मौके पर प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रवींद्र इन्द्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह भी मंत्री बने थे। इसके बाद सीएम और मंत्रियों ने यमुना की आरती की और दिल्ली सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में राज्य में आयुष्मान योजना लागू करने और विधानसभा में कैग रिपोर्ट पेश करने का निर्णय लिया था।












Click it and Unblock the Notifications